हिमाचल उपचुनाव: कांग्रेस ने जारी की 20 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, सिद्धू और कन्हैया कुमार का भी नाम शामिल
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर: पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में 30 अक्टूबर को मंडी संसदीय सीट और तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं। जिसके लिए बीजेपी और कांग्रेस में कड़ी टक्कर है। तीन दिन पहले कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उपचुनाव वाली चारों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगा दी थी। इसके बाद अब वहां पर प्रचार करने वाले स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी गई है। जिसमें दो मुख्यमंत्रियों समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।

कांग्रेस हाईकमान के मुताबिक पार्टी हिमाचल के लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई थी। अब 20 स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर दी गई, ताकि तेजी से प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया जा सके। इस लिस्ट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, आनंद शर्मा, राजीव शुक्ला, राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट और नवजोत सिंह सिद्धू का नाम शामिल है। खास बात तो ये है कि लिस्ट में कन्हैया कुमार को भी जगह मिली, जो हाल ही में CPI का साथ छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।
ये प्रत्याशी हैं मैदान में
मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा का शव 17 मार्च 2021 को उनके दिल्ली स्थित आवास पर मिला था। तब से ये लोकसभा सीट खाली थी। कांग्रेस ने अब इस सीट पर प्रतिभा वीरभद्र सिंह को टिकट दिया है। वहीं अर्की से संजय अवस्थी, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर से भवानी सिंह मैदान में हैं। कहा जा रहा है कि सहानुभूति वोट पाने के लिए कांग्रेस ने पहली बार प्रतिभा सिंह के नाम के साथ वीरभद्र जोड़ा है। इसके अलावा जातीय समीकरण का भी ध्यान रखा गया, जिसके तहत अर्की से ब्राह्माण और अन्य तीन सीटों पर राजपूतों को प्रत्याशी बनाया गया।












Click it and Unblock the Notifications