'लवरात्रि' पर छिड़ा विवाद, केस दर्ज होने पर सलमान खान ने क्या कहा?
मुंबई। फिल्म अभिनेता सलमान खान के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले में केस दर्ज किया गया है। सलमान खान पर उनकी फिल्म 'लवरात्रि' के जरिए सामाजिक और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने को लेकर ये मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में सलमान खान समेत 76 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। ये फिल्म 5 अक्टूबर को रिलीज होगी। वहीं, तमाम विवादों पर सलमान ने अपनी सफाई दी है।

लवरात्रि के टाइटल पर हंगामा
लवरात्रि को लेकर जारी विवाद पर सलमान खान ने कहा कि फिल्म के टाइटल में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है और उन्होंने किसी कल्चर को आहत करने की कोशिश नहीं की। बता दें कि कुछ हिंदू संगठनों ने बिहार कोर्ट में सलमान के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई कि फिल्म के शीर्षक से हिन्दू धर्म की भावना को ठेस पहुंची है और इसे मां दूर्गा का अपमान भी बताया गया है।

सलमान ने दी अपनी तरफ से सफाई
सलमान खान ने तमाम आरोपों पर कहा, 'मुझे नहीं मालूम कि ये कौन लोग हैं और इनको फिल्म के टाइटल से क्या दिक्कत है? हमारे प्रधानमंत्री भी इसी कल्चर से हैं। जब आप कोई कैरेक्टर प्ले करते हैं तो उस कल्चर का पूरा सम्मान करते हैं। जब मैंने सुल्तान फिल्म की थी उस वक्त भी इन बातों का खयाल रखा था।'

सलमान के खिलाफ हुआ है केस दर्ज
उन्होंने कहा, 'हम नवरात्रि के बैक ड्रॉप पर फिल्म बना रहे हैं और इस फिल्म के जरिए म्यूजिक,रंग और लव को सेलिब्रेट कर रहे हैं। ये सब किसी पब्लिसिटी के लिए नहीं कर रहे हैं। जब ये फिल्म रिलीज होगी तब लोगों को मालूम हो जाएगा इसमें विवादित जैसा कुछ भी नहीं है।' उन्होंने उम्मीद जताई कि सेंसर बोर्ड फिल्म को 'U'सर्टिफिकेट देगा। इस फिल्म में आयुष शर्मा और वरीना हुसैन लीड रोल में हैं और ये सिनेमाघरों में 5 अक्टूबर को रिलीज होनी है।












Click it and Unblock the Notifications