हरियाणा में धार्मिक स्थल पर हिंसा करने वालों पर गृह मंत्रालय कसेगा शिंकजा, मांगी रिपोर्ट
हरियाणा के एक धार्मिक स्थल पर दो समुदायों के बीच संघर्ष मामले में गृह मंत्रालय सख्ती बरतने के मूड में है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हरियाणा सरकार से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है। मंगलवार रात हुए दिल दहला देने वाले घटनाक्रम से हरियाणा हिल गया। गौरतलब है कि पिछले माह विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले हथीन में पुराने थाने में एक जर्जर धार्मिक स्थल पर अवैध निर्माण करने के मुद्दे पर दो समुदायों में विवाद हो गया था। उस समय राजनीतिक दलों और समाज के प्रमुख लोगों के साथ प्रशासन ने मामले में चुनाव के बाद कोई फैसला लेने का निर्णय किया था।

मंगलवार रात जब कुछ लोग वहां धार्मिक कार्यक्रम करने पहुंचे, तो दूसरे समाज के लोगों ने एतराज जताया। इसी पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच हुई। इस दौरान शरारती तत्वों ने मारपीट करके और अफवाह फैलाकर मामला बिगाड़ दिया। उपद्रवियों ने लगभग पांच दर्जन दुकानों, मकानों और वाहनों में आग लगा दी थी। करीब आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझाई। उपद्रवियों ने मौके पर पहुंचे डीसी केएम पांडुरंग की गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया।
बुधवार रात रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की दो कंपनियां भी हथीन पहुंचीं। शहर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन को शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications