कॉकरोच जनता पार्टी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, नीट और सीबीएसई अनियमितताओं के खिलाफ CJP करेगी विरोध-प्रदर्शन
Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बुधवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस की और दिल्ली में एक सप्ताह के अंदर विरोध-प्रदर्शन की घोषणा की। इसके साथ ही पार्टी ने नीट और सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ी पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। सीजेपी ने सरकार व विपक्ष दोनों से बातचीत की इच्छा भी जताई है।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में कॉकरोच जनता पार्टी की पहली औपचारिक मीडिया ब्रीफिंग में, स्वतंत्र पत्रकार व सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि उनका अभियान राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जवाबदेही चाहता है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार के हालिया कदम शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही की मुख्य चिंताओं का समाधान नहीं करते।

6 जून के प्रदर्शन में शामिल होंगे सीजेपी प्रमुख अभिजीत
सीजेपी सौरभ दास ने देश भर के युवाओं को बिना पार्टी ध्वज के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "हमें खुली छूट मिली है। कोई भी पार्टी के बैनर के बिना हमारे साथ जुड़ सकता है। हम सत्ता पक्ष या विपक्ष, सभी से बातचीत को तैयार हैं।" दास ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके के 6 जून के प्रदर्शन का भी जिक्र किया।
CBSE चेयरमैन और सचिव के ट्रांसफर आंखों में धूल झोंकने वाला
सौरभ दास के अनुसार, केंद्र सरकार का 2 जून को सीबीएसई चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला संकट का समाधान नहीं। इसे "आंखों में धूल झोंकने वाला" कदम बताते हुए, उन्होंने तर्क दिया कि वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई से परीक्षा संचालन की बड़ी चिंताओं का समाधान संभव नहीं।
शिक्षा मंत्री के खिलाफ अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
सीजेपी की मांगें शिक्षा मंत्रालय में निर्णय के उच्चतम स्तर पर जवाबदेही तय करने पर केंद्रित हैं। "हम सिस्टम में जवाबदेही चाहते हैं। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की, पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई। तबादलों को कार्रवाई बताया जा रहा है। यह गलत है, सिस्टम में सड़ांध है।"
मौजूदा हालात से असंतुष्ट है यूथ
सीजेपी प्रवक्ता विजेता दहिया, जो राजनीतिक शोधकर्ता, लेखिका और फिल्म निर्माता हैं, ने कहा कि यह आंदोलन युवा मतदाताओं के असंतोष को जाहिर करता है। "जिस तरह इस आंदोलन ने युवाओं का ध्यान खींचा है, वह दिखाता है कि पूरी पीढ़ी मौजूदा हालात से असंतुष्ट है," दहिया ने कहा। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक विकल्पों में बढ़ते अविश्वास की ओर भी इशारा किया।
'CJP किसी व्यक्ति या संगठन से बड़ी है'
आम आदमी पार्टी (आप) से सीजेपी के संबंधों पर पार्टी पदाधिकारी व प्रवक्ता आशुतोष रांका ने जवाब दिया। "हमारी पिछली Affiliations महत्वपूर्ण नहीं। यह लड़ाई उससे बड़ी है। सीजेपी किसी व्यक्ति या संगठन से बड़ी है! "रांका आईआईटी कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़े हैं, उन्होंने लंदन में मैकिन्से एंड कंपनी में काम किया है।
सीजेपी प्रमुख कब पहुंचेगे दिल्ली?
सीजेपी ने बताया कि अमेरिका में हायर स्टडीज कर रहे अभिजीत दीपके 6 जून को सुबह 8 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद, दिपके जंतर मंतर पर प्रस्तावित सभा की अनुमति के लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे।
आयोजकों को कार्यक्रम स्थल की आधिकारिक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। रांका ने कहा, "जंतर मंतर ऐतिहासिक रूप से शांतिपूर्ण असहमति का स्थल रहा है। हमें विश्वास है कि पुलिस अनुमति देगी।"
सीजेपी प्रमुख के अरेस्ट होने की जताई आशंका
पार्टी ने कहा कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनुमति मिलने पर दीपके के साथ प्रदर्शन में शामिल होने की सहमति दी है। दीपके के आगमन पर पुलिस कार्रवाई के जोखिम पर चर्चा करते हुए, दहिया ने पहले हुई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियों का उदाहरण दिया।
"अगर सोनम वांगचुक को गिरफ्तार किया जा सकता था, तो दीपके को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है, तो और अधिक लोग हमारे पीछे लामबंद होंगे," दहिया ने तर्क दिया। उनके अनुसार, ऐसी कोई भी कार्रवाई विरोध प्रदर्शन और उसकी मांगों पर जनता का ध्यान बढ़ा सकती है।














Click it and Unblock the Notifications