CM भूपेश बघेल बोले- CAA-NRC को लेकर पीएम मोदी और शाह में मतभेद, मालूम नहीं कौन सच बोल रहा है
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। जहां एक और विपक्षी दल इस कानून को असंवैधानिक बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बीजेपी विपक्ष के आरोपों को गलत बता रही है। शुक्रवार की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीएए और एनआरसी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, नए कानून को लेकर पीएम मोदी और अमित शाह के बीच मतभेद है। जिसके कारण पूरा देश पिस रहा है।

शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, आज देश में जो बातें हो रही हैं, अमित शाह जी कहते हैं ये क्रोनोलॉजी है- सीएए, एनपीआर, एनआरसी और नरेंद्र मोदी जी कहते हैं एनआरसी लागू होने वाला नहीं है। तो सवाल इस बात का है कि, सच कौन बोल रहा है और झूठ कौन बोल रहा है? प्रधानमंत्री जो कह रहे हैं वो सही है? या गृहमंत्री जो कह रहे हैं वो सही है? लगता है कि दोनों के बीच मतभेद हो चुका है और इसके कारण पूरा देश पिस रहा है।
कांग्रेस ने अपने मुख्यमंत्रियों और गठबंधन सहयोगियों को सीएए के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने के लिए सूचित किया है। अब तक केरल ने सीएए के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार भी पहले ही कह चुकी है कि वह नए कानून के खिलाफ है।
उधर पंजाब विधानसभा ने नागरिकता संसोधन कानून के खिलाफ प्रस्ताव पास किया है। पंजाब की कांग्रेस सरकार की ओर से विधानसभा में शुक्रवार को इस कानून के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया, जिसे सदन ने अपनी मंजूरी दे दी। प्रस्ताव में नागरिकता कानून को संविधान के खिलाफ बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की गई है। पंजाब सीएए के खिलाफ प्रस्ताव पास करने वाला दूसरा राज्य है। इससे पहले केरल की विधानसभा भी विवादित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रस्ताव पास कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications