CJP प्रोटेस्ट में खाना खिलाने के लिए जुनैद के पास कहां से आए करोड़ों रुपये? अब रोकर लगा रहा मदद की गुहार
Junaid CJP Protest Funding Details: दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से ज्यादा समय तक चले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान खाना और पानी बांटकर चर्चा में आए जुनैद अब एक बार फिर सुर्खियों में हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर जश्न मनाया, लेकिन इस दौरान जुनैद वहां नजर नहीं आए। सोशल मीडिया पर उनकी गुमशुदगी को लेकर कई तरह की बातें होने लगीं।
अब एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में जुनैद ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और करीब 17-18 घंटे बाद उन्हें उत्तराखंड के मसूरी में छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान उनके साथ मारपीट नहीं हुई और पुलिस ने उनके साथ अच्छा व्यवहार किया। जुनैद के मुताबिक, 24 जुलाई की रात एक कुत्ते ने उन्हें काट लिया था। इसके बाद वह रात करीब 11 बजे रेबीज का टीका लगवाने के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद वह अपने एक साथी के साथ ऑटो से जा रहे थे।

जुनैद का दावा है कि अस्पताल से निकलने के कुछ ही देर बाद एक सफेद स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ी से कुछ लोग उतरे और उन्हें तथा उनके साथी को अपने साथ ले गए। जुनैद ने बताया कि उन लोगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का बताया और अपना पहचान पत्र भी दिखाया, लेकिन उनके चेहरे ढके हुए थे।
ये भी पढ़ें: CJP आंदोलन खत्म होने के बाद भी घर नहीं लौटे अभिजीत दीपके, क्यों उठी सुरक्षा देने की मांग?
आंखों पर पट्टी बांधकर ले जाने का दावा
जुनैद के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उन्हें गाड़ी में बैठाया और दोनों की आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद उन्हें किसी अज्ञात जगह पर ले जाया गया। उनका कहना है कि उन्हें एक इमारत की दूसरी मंजिल पर रखा गया और पूरी रात वहीं गुजारी। जुनैद ने बताया कि अगले दिन कुछ अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की। सवाल-जवाब के बाद उन्हें छोड़ने का फैसला किया गया। हालांकि, उनका दावा है कि वहां से निकालते समय भी उनकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। जुनैद ने बताया कि उन्हें दोबारा एक गाड़ी में बैठाया गया और करीब 4 से 6 घंटे तक सफर कराया गया। जब उनकी आंखों से पट्टी हटाई गई तो उन्हें आसपास पहाड़ दिखाई दिए। इसके बाद उन्हें पता चला कि वह उत्तराखंड के मसूरी में हैं।
Junaid Bhai gets a taste of Abhijeet Dipke's and Arvind Kejriwal's Bhaichara and Secularism.
The moment the UP Police reached the house of Junaid, the CJP along with Abhijeet Dipke, dropped Junaid like hot potatoes from their phone list.
Here, Junaid is lamenting that no… pic.twitter.com/ESq2RBfr2l
— Dr Poornima 🇮🇳 (@PoornimaNimo) July 27, 2026
जुनैद ने यह भी कहा कि हिरासत के दौरान उनके साथ कोई मारपीट नहीं की गई। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उनके साथ ठीक व्यवहार किया और जो खाना वे खुद खा रहे थे, वही उन्हें भी दिया गया। उन्होंने यह दावा भी किया कि उनके पिता और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को भी उठाकर पूछताछ की गई थी।
वकील हैं जुनैद, सरकारी नौकरी की कर रहे तैयारी
जुनैद ने बातचीत में अपने बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह पेशे से वकील हैं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 6 तारीख को अभिजीत दीपके की ओर से बुलाए गए प्रदर्शन में भी वह शामिल हुए थे। वहीं, 20 जून को जब जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू हुआ, उस दिन वह सरकारी नौकरी से जुड़ी एक परीक्षा देने गए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद वह जंतर-मंतर पहुंचे।
जुनैद ने बताया कि जंतर-मंतर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बड़ी संख्या में लोग एक मुद्दे के लिए जुटे हुए हैं, लेकिन तेज गर्मी में पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। इसी के बाद उन्होंने प्रदर्शनकारियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का फैसला किया। शुरुआत में उन्होंने खुद प्रयास किया और बाद में कुछ अन्य लोगों को भी साथ जोड़ा। धीरे-धीरे पानी के साथ खाने-पीने की दूसरी चीजों की व्यवस्था भी होने लगी। जुनैद ने किसी भी तरह की फंडिंग मिलने से इनकार किया। उनका कहना है कि उन्होंने न किसी से नकद पैसा लिया और न ही ऑनलाइन पेमेंट स्वीकार किया। इसके बजाय लोगों से कहा गया कि अगर वे मदद करना चाहते हैं तो पानी, बिस्किट या दवाएं जैसी जरूरी चीजें दे सकते हैं।
कोई पानी लाया तो किसी ने खाना
जुनैद के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए खाने-पीने का इंतजाम किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं हुआ। इसमें कई लोगों ने अपनी तरफ से सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि कोई पानी लेकर आता था, कोई बिस्किट देता था, तो कोई करीब 20 लोगों के लिए खाना लेकर पहुंच जाता था। कुछ लोग अपने घर से खाना बनाकर भी लाते थे। इस तरह सभी के सहयोग से प्रदर्शनकारियों के लिए खाने और पानी की व्यवस्था चलती रही। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट के दौरान रोज खाने-पीने में 5 से 7 लाख रुपये खर्च हुए। ऐसे में महीने भर का खर्च करोड़ों में पहुंच जाता है। हालांकि इस अमाउंट की पुष्टि नहीं की गई है ये सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर आधारित है।
CJP नेताओं से संपर्क नहीं होने का दावा
जुनैद ने बताया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हुए जश्न में वह इसलिए शामिल नहीं हो सके क्योंकि उस समय वह पुलिस हिरासत में थे। इसके बाद उन्होंने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके या संगठन के दूसरे नेताओं से सीधे बातचीत नहीं होने की बात कही। हालांकि, उन्होंने बताया कि CJP की लीगल टीम से जुड़ी रत्ना ने उन्हें फोन किया था और मदद का भरोसा दिया था। जुनैद के मुताबिक, रत्ना ने एक-दो बार फोन पर उनसे बात की और कानूनी कार्रवाई में सहयोग करने की बात कही। जुनैद ने कहा कि अभिजीत दीपके की तबीयत खराब होने की जानकारी उन्हें तस्वीरों के जरिए मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि दूसरे लोग व्यस्त हों या किसी अन्य वजह से उनसे संपर्क नहीं कर पाए हों।
बोले- पूरी लीगल टीम बननी चाहिए
CJP की ओर से समर्थन मिलने के सवाल पर जुनैद ने कहा कि संगठन को उनका साथ देना चाहिए, क्योंकि वह आंदोलन के दौरान लगातार उनके साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि लीगल टीम की ओर से रत्ना ने उनसे संपर्क किया है, लेकिन वह चाहते हैं कि इस मामले के लिए एक पूरी कानूनी टीम बनाई जाए और मामले में आगे की कार्रवाई की जाए। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि CJP उनसे दूरी बना रही है, तो जुनैद ने कहा कि उन्हें कुछ हद तक ऐसा महसूस होता है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि वह चाहते हैं कि सभी लोग मिलकर यह लड़ाई आगे भी जारी रखें और छात्र एकजुट होकर अपने मुद्दों के लिए आवाज उठाते रहें।
ये भी पढ़ें: Abhijeet Dipke Marriage Proposals: अभिजीत दीपके के घर बजने वाली है शहनाई? मां ने दिया शादी को लेकर बड़ा अपडेट


Click it and Unblock the Notifications
