CAA Protest: मंगलुरू में हिरासत में लिए गए कई पत्रकार, पुलिस ने रिपोर्टिंग करने से रोका
नई दिल्ली। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ गुरुवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी इस एक्ट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। वहीं, नागरिकता कानून के खिलाफ निकाले जा रहे जुलूस में हिंसा के बाद मंगलुरू में कर्फ्यू लगा दिया गया था। ये कर्फ्यू मंगलुरू के पांच पुलिस थानों में लगाया गया था। इस दौरान पुलिस ने कई पत्रकारों को रोक दिया और उनसे आईडी कार्ड मांगे गए।

मंगलुरू में कई पत्रकारों को रिपोर्टिंग से रोका गया
केरल स्थित तीन न्यूज चैनलों न्यूज 24, मीडिया वन और एशियानेट के पत्रकार और क्रू को कर्नाटक के मंगलुरू में रिपोर्टिंग से रोक दिया गया था। मंगलुरू में गुरुवार को हिंसा के दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रिपोर्टर को रोक दिया जब वह ऑन-एयर था। पुलिस अधिकारी ने इस दौरान रिपोर्टर से पहचान पत्र दिखाने को कहा। इस पर रिपोर्टर ने संस्थान द्वारा दिए गए आईडी कार्ड को दिखाया लेकिन पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये सरकार द्वारा जारी किया गया नहीं है।

कई पत्रकारों को हिरासत में लिया गया
एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, पुलिस ने 30 पत्रकारों को हिरासत में लिया था। चार न्यूज चैनलों के रिपोर्टर मृतकों के परिवारवालों का इंटरव्यू लेने के लिए जमा हुए थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पत्रकारों से आईडी कार्ड दिखाने और रिपोर्टिंग बंद करने को कहा। पुलिस ने कहा कि यहां पर रिपोर्टिंग की अनुमति नहीं है, ये कहते हुए वहां से मीडियाकर्मियों को हटा दिया गया।

पुलिस ने पत्रकारों से आईडी कार्ड दिखाने को कहा
पुलिस कमिश्नर पीएस हर्षा ने कहा कि कुछ लोग, जिनके पास किसी संस्थान या सरकार द्वारा जारी आईडी कार्ड नहीं है और वे मीडिया के नहीं हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। बता दें कि राजधानी बेंगलुरु में भी इस एक्ट के खिलाफ इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा ने अपना विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया था। संशोधित नागरिकता कानून को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन पर रामचंद्र गुहा ने कहा कि असली 'टुकडे़-टुकडे़ गैंग' दिल्ली में बैठे भारत के शासक हैं।












Click it and Unblock the Notifications