अरुणाचल बॉर्डर के पास चीन को मिला अरबों डॉलर का सोना-चांदी, शुरू किया खनन कार्य
बीजिंग। अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारत विरोधी गतिविधियां चला रहे चीन से जुड़ी एक और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर चीन को करीब 60 अरब डॉलर की कीमत का सोना और चांदी समेत कई प्रकार के खनिजों का खजाना मिला है। अखबार की रिपोर्ट है कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश में खनन का काम भी शुरू कर दिया है। चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपना हक जताता है और यह दावा करता है कि अरुणाचल प्रदेश दक्षिण तिब्बत का ही एक हिस्सा है। अब चीन ने बॉर्डर से सटे इलाके में खनन का कार्य शुरू कर दिया है, ऐसे में एक बार फिर चीन और भारत के बीच डोकलाम जैसा टकराव हो सकता है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन ने अरुणाचल के बॉर्डर के पास अपने कब्जे वाले लुंजे काउंटी इलाके में खनन कार्य शुरू किया है। हॉन्गकॉन्ग के अखबार साउथ चाइना पोस्ट ने यह भी दावा किया है चीन ने खनन का कार्य दक्षिण तिब्बत पर अपना अधिकार करने के मकसद से किया है। चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिण तिब्बत कहता है।
रिपोर्ट में लोकल अफसरों के हवाले से यह भी बताया गया है कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों पर चीन के दावा जताने की उसकी कोशिश और तेजी से निर्माण कार्य की वजह से यह इलाका दूसरा डोकलाम बन सकता है। चीन के स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, भूवैज्ञानिक और सामरिक मामलों के विशेषज्ञों ने हाल ही में इस इलाके का दौरा किया था, जिसके बाद सोने और चांदी की खदानें होने की बात सामने आई हैं। लुंजे काउंटी में चीन सबसे ज्यादा खनन एक्टिविटी चला रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने के अंत में ही चीन दौरा किया था। भारत-चीन के बीच तनाव और अंतरराष्ट्रीय हालात के मद्देनजर तब मोदी के दौरे को काफी अहम बताया गया था, लेकिन अगर यह खबर सही निकलती है तो चीन के साथ टकराव तेज हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications