Chhattisgarh: वेदांता पावर प्लांट में हुआ भीषण हादसा, बॉयलर फटने से 10 लोगों की मौत, 15 घायल
Chhattisgarh Boiler blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल (मंगलवार) शाम बड़ा हादसा हुआ है। पावर प्लांट में बॉयलर ब्लॉस्ट हो गया जिसमें 10 श्रमिकों की जान चली गई, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस दर्दनाक घटना की पुष्टि की है।
सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रफुल ठाकुर ने बताया कि यह हादसा सिंघी तराई क्षेत्र में हुआ और सभी घायलों को तत्काल उपचार हेतु रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) महेश शर्मा ने घटना को "हृदय विदारक" करार देते हुए इसकी गहन जांच जारी होने की बात कही।

कैसे हुआ ये हादसा?
पावर प्लांट के प्रवक्ता ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 की दोपहर उनके सिंघी तराई संयंत्र की एक बॉयलर इकाई में ये अचानक ब्लॉस्ट हुआ। उस समय वहां पर उप-ठेकेदार एनजीएसएल के कर्मचारी शामिल थे।पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोपहर में सिंघातरई गांव स्थित वेदांता लिमिटेड के संयंत्र के बॉयलर ट्यूब में धमाका हुआ। प्रवक्ता ने कहा कि उनकी "तत्काल प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता और उपचार सुनिश्चित करना" है।
घायलों का हो अस्पताल में करवाया गया भर्ती?
वेदांता प्रभावितों को पूर्ण सहयोग दे रही है और चिकित्सा टीमों तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है। कंपनी ने विस्तृत विवरण जानने और "साझेदार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में गहन जांच" शुरू करने की बात कही है। प्रवक्ता ने कहा, "इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित परिवारों के साथ हैं।" घटना के संबंध में आगे के विवरण प्रतीक्षित हैं।
घायल श्रामिक के पिता ने बिलखते हुए बयां किया दर्द
एक घायल श्रमिक के पिता राजकुमार ने बताया कि "लगभग 3 बजे यह हादसा हुआ। हम उसके हालचाल जानने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई भी हमें कुछ नहीं बता रहा है। मेरा बेटा यहां चार महीने से काम कर रहा था। पावर प्लांट से कोई भी हमसे मिलने नहीं आया।"
कांग्रेस ने जताया दुख
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में लिखा, "सक्ती स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट की खबर अत्यंत हृदय विदारक है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में अब तक कई श्रमिकों की असामयिक मृत्यु हो गई है और दर्जनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।"
बघेल ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति दें।" उन्होंने सरकार और प्रशासन से पीड़ितों के लिए "उचित मुआवजा" और सभी घायलों के "समुचित उपचार" की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए भी प्रार्थना की।












Click it and Unblock the Notifications