धरती को कंपाते और बादलों को चीरते हुए कैसे लॉन्च हुआ भारत का चंद्रयान-3, यहां देखें लाइव वीडियो
Chandrayaan 3 Launch Video: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रमा मिशन चंद्रयान-3 लॉन्च कर दिया है। दोपहर 2.35 बजे से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया है। ये चंद्रयान-3 एक लैंडर, एक रोवर और एक प्रोपल्शन मॉड्यूल से लैस है। इसका वजन करीब 3,900 किलोग्राम है।
इसरो ने चंद्रमा मिशन के तहत चंद्रयान-3 को चांद पर भेजा है। रिपोर्ट के मुताबिक चंद्रयान-3 पांच अगस्त तक चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा।

इसरो के प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा है कि LVM3 और M4 वाहन ने चंद्रयान-3 को पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है। उन्होंने बताया कि लैंडर मॉड्यूल चंद्रमा के साउथ पोल पर 23 अगस्त या 24 अगस्त को उतरेगा।
इसरो के वैज्ञानिकों ने प्रक्षेपण यान से उपग्रह के सफल पृथक्करण की घोषणा भी कर दी है। उन्होंने बताया कि पग्रह को अब चंद्रमा की यात्रा शुरू करने के लिए वांछित कक्षा में स्थापित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, ''चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा। यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भरता है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं।''
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित करते हुए चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसरो टीम और वे सभी लोगों को बधाई जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अथक परिश्रम किया। चंद्र मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।''
चंद्रयान-3 मिशन पर पूर्व इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन ने कहा,''मैं इसरो टीम को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि हमारे सामने एक बहुत ही सफल मिशन होगा।''












Click it and Unblock the Notifications