फ्री में पेट्रोल बंटने की रील देखकर बारिश में पंप पहुंचे सैकड़ों लोग, क्या है 'पेट्रोल लंगर' की पूरी कहानी?

Petrol Langar Viral Video: चंडीगढ़ में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने बुधवार को कई लोगों को हैरान कर दिया। वीडियो में 'पेट्रोल लंगर' के जरिए मुफ्त पेट्रोल देने का दावा किया गया था। इसे देखकर बड़ी संख्या में लोग सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंप पहुंच गए। कई लोग तेज बारिश के बीच अपनी गाड़ियों के साथ लाइन में खड़े रहे। उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें भी मुफ्त पेट्रोल मिलेगा। कुछ लोगों ने बताया कि वे करीब दो घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन बाद में उन्हें वापस जाने के लिए कह दिया गया।

लोगों का कहना था कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो देखा था, इसलिए वे पेट्रोल लेने पहुंचे थे। कुछ लोगों को टोकन मिलने की बात भी सामने आई, लेकिन ज्यादातर लोग खाली हाथ लौट गए। दूसरी ओर, जिन पेट्रोल पंपों का नाम इस कथित आयोजन से जोड़ा गया था, उन्होंने मुफ्त पेट्रोल बांटने की किसी भी योजना से खुद को अलग बताया है।

Petrol Langar Viral Video

इंस्टाग्राम वीडियो देखकर पहुंचे लोग

ANI के एक वीडियो के अनुसार सेक्टर-10 के पेट्रोल पंप पर पहुंची बेबी नाम की महिला ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर 'पेट्रोल लंगर' से जुड़ा वीडियो देखा था। वीडियो देखने के बाद उन्हें लगा कि यहां मुफ्त पेट्रोल दिया जाएगा। इसी उम्मीद में वह पेट्रोल लेने पहुंचीं, लेकिन पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने उन्हें बताया कि मुफ्त पेट्रोल देने की कोई अनुमति नहीं है। महिला के अनुसार, कुछ लोगों को टोकन दिए गए थे, लेकिन उनकी संख्या काफी कम थी। करीब 10 से 15 लोगों को ही टोकन दिए जाने की बात सामने आई, जबकि बाकी लोगों को इंतजार के बाद भी पेट्रोल नहीं मिला।

ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission में 2.57 फिटमेंट हुआ लागू तो कितनी होगी आपकी सैलरी? चेक करें पूरी हिसाब-किताब

तेज बारिश में दो घंटे तक इंतजार

अंशू नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि वह करीब दो घंटे तक पेट्रोल पंप पर खड़े रहे। इस दौरान तेज बारिश हो रही थी, फिर भी लोग मुफ्त पेट्रोल मिलने की उम्मीद में वहां रुके रहे। अंशू के मुताबिक, बाद में लोगों को वापस जाने के लिए कहा गया। उन्हें शनिवार या रविवार को आने की बात बताई गई। उन्होंने कहा कि जब सोशल मीडिया पर किसी को कुछ देने की बात कही गई थी तो लोगों का वहां पहुंचना स्वाभाविक था। लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद जब उन्हें वापस भेजा गया तो लोगों में नाराजगी देखने को मिली।


क्या था पेट्रोल लंगर का दावा?

पिछले कुछ दिनों से चंडीगढ़ में 'पेट्रोल लंगर' को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा था। वीडियो में दावा किया गया था कि 'जय माता दी' का नाम लेने वाले लोगों को मुफ्त पेट्रोल के कूपन दिए जाएंगे। इसके तहत दोपहिया वाहन मालिकों के लिए 500 और चारपहिया वाहनों के लिए 1,000 रुपये तक के पेट्रोल कूपन देने की बात कही गई थी। सोशल मीडिया पोस्ट में सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों का नाम भी सामने आया था।

बारिश के कारण तारीख बदलने की बात

वायरल वीडियो से जुड़ी जानकारी में भारी बारिश के कारण कार्यक्रम को टालने की बात भी कही गई थी। इसके बाद शुक्रवार को सेक्टर-10 में आयोजन होने का दावा सामने आया। हालांकि, बुधवार को ही कई लोग सोशल मीडिया पर मिली जानकारी के आधार पर सेक्टर-10 पेट्रोल पंप पहुंच गए। उन्हें उम्मीद थी कि यहां मुफ्त पेट्रोल मिलेगा।

पेट्रोल पंप ने दावे से किया इनकार

इस पूरे मामले में सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों ने खुद को इस कथित पेट्रोल लंगर से अलग बताया है। पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों के मुताबिक, वहां सामान्य तरीके से पेट्रोल की बिक्री होती है। जो ग्राहक भुगतान करता है, उसे पेट्रोल दिया जाता है। उन्होंने किसी तरह के मुफ्त पेट्रोल कूपन या संबंधित व्यक्ति के साथ मिलकर पेट्रोल बांटने की योजना होने से साफ इनकार किया।

पहले सामने आया था मनी लंगर

चंडीगढ़ में इस तरह की पहल की चर्चा इससे पहले भी हो चुकी है। अगस्त की शुरुआत में मनीमाजरा के शनि देव मंदिर में 'मनी लंगर' की खबर सामने आई थी। इसमें जरूरतमंद लोगों को खाना देने के साथ नकद मदद देने का दावा किया गया था। आयोजन से जुड़े लोगों ने आगे पेट्रोल लंगर शुरू करने की संभावना की बात भी कही थी। इसी के बाद सोशल मीडिया पर पेट्रोल लंगर का दावा वायरल हुआ और बड़ी संख्या में लोग मुफ्त पेट्रोल की उम्मीद में पेट्रोल पंप पहुंच गए।

ये भी पढ़ें: PF Transfer की झंझट खत्म! नौकरी बदलते खुद-ब-खुद ट्रांसफर होगा पैसा, क्या है EPFO का नया रूल?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+