अब गंगा को साफ कराएंगे Chacha Chaudhary, साबू का भी दिखेगा अनोखा अंदाज, जानिए खास बातें
Chacha Chaudhary: भारत के लोकप्रिय कॉमिक हीरो, चाचा चौधरी, जिनका दिमाग 'कंप्यूटर से भी तेज' चलता है, अब एक नए अवतार में गंगा नदी के संरक्षण के लिए करते दिखाई देंगे। वो अपने लंबे साथी साबू के साथ उन खलनायकों का सामना करेंगे जो गंगा को खतरा पहुंचा रहे हैं और उसे गंदा कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) और डायमंड बुक्स के सहयोग से जारी कहानियों का यह नया सेट, हास्य, एक्शन और पर्यावरणीय जागरूकता का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करता है। इन नई कॉमिक्स में चाचा चौधरी और साबू चार नए रोमांचक कारनामों में शामिल होंगे और लोगों को गंगा नदी की सफाई के प्रति जागरूक रहने की बात को समझाएंगे।

आपको बता दें कि अक्टूबर 2021 में, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) ने बच्चों को जोड़ने और कॉमिक्स और एनिमेशन के माध्यम से नदी की स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए चाचा चौधरी को नमामि गंगे कार्यक्रम का शुभंकर घोषित किया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'कॉमिक्स गंभीर मुद्दों को प्रासंगिक बनाने का एक तरीका है। हमें भरोसा है कि चाचा चौधरी यहां भी बाजी मार लेंगे।'
Chacha Chaudhary का किरदार कार्टूनिस्ट प्राण कुमार शर्मा ने रचा था
मालूम हो कि चाचा चौधरी का किरदार 1971 में कार्टूनिस्ट प्राण कुमार शर्मा ने रचा था। पहली बार यह कॉमिक्स हिंदी पत्रिका लोटपोट में प्रकाशित हुई थी। धीरे-धीरे यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि चाचा चौधरी भारत के हर घर में एक जाना-पहचाना नाम बन गए।
सफेद मूंछों और लाल पगड़ी वाले बुजुर्ग हैं Chacha Chaudhary
तेज दिमाग वाले चाचा चौधरी एक छोटे कद, सफेद मूंछों और लाल पगड़ी वाले बुजुर्ग हैं, जो अपनी तेज बुद्धि और हाजिरजवाबी से अपराधियों और मुश्किल हालात से निपटते हैं। वह बल के बजाय दिमाग से काम लेते हैं, और यही उन्हें खास बनाता है। भले ही आज कॉमिक्स का चलन कम हो गया है लेकिन चाचा चौधरी आज भी लोगों के दिलों पर राज करते हैं और प्रासंगिक हैं।
Chacha Chaudhary का साथी है साबू
चाचा चौधरी के साथ हमेशा रहने वाले उनके विशालकाय दोस्त साबू का किरदार भी उतना ही लोकप्रिय है। साबू बृहस्पति ग्रह से आया है और उसकी ताकत अद्भुत है। कहा जाता है कि जब भी साबू को गुस्सा आता है, तो कहीं न कहीं ज्वालामुखी फट जाता है। चाचा और साबू की कहानियां मजेदार होने के साथ-साथ नैतिकता का पाठ भी पढ़ाती हैं। चाचा चौधरी कॉमिक्स हिंदी, अंग्रेज़ी और कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हैं, और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर भी पढ़ी जा सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications