आय से अधिक संपत्ति मामला: यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की पूर्व एमडी के खिलाफ मामला दर्ज
नई दिल्ली। सीबीआई ने यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की पूर्व चेयरमैन व एमडी अर्चना भार्गव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी आय से अधिक करोड़ों रुपये की संपत्ति अपने और अपने परिजनों के नाम पर एकत्रित की। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में बुधवार को उनके नोएडा स्थित आवास पर छापेमारी की गई। उस दौरान सीबीआई ने अर्चना भार्गव और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर नकदी, आभूषण और 10 करोड़ से अधिक का निवेश संबंधी दस्तावेज बरामद किया था।

सूत्रों ने बताया सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा नई दिल्ली के अधिकारियों को गत 27 फरवरी को शिकायत मिली थी कि अर्चना भार्गव ने एक अप्रैल 2004 से लेकर 20 फरवरी 2014 के बीच अपनी आय से अधिक सम्पति अर्जित की है। तफ्तीश के दौरान पाया गया कि उन्होंने अपनी पति सुनील भार्गव तथा बेटे अंशुमान भार्गव के नाम पर बैंक लॉकर तथा बैंक खाते खोल रखे हैं। उनकी दिल्ली, यूपी और मुंबई में संपत्तियां हैं। अर्चना भार्गव ने 28 नवंबर 1977 में पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजमेंट प्रशिक्षु के तौर पर नौकरी की शुरुआत की थी। वर्ष 2004 में वह डिप्टी जीएम और वर्ष 2008 में जीएम बन गईं।
एक अप्रैल 2011 से 22 अप्रैल 2013 तक वह केनरा बैंक में एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर रहीं। 23 अप्रैल 2013 को वह यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया में सीएमडी हो गई। 20 फरवरी 2014 को उन्होंने वीआरएस ले लिया। इस तरह उन्होंने 37 साल बैंक में नौकरी की। पर 1 अप्रैल 2004 से लेकर 20 फरवरी 2014 के बीच उन्होंने अपनी आय से कई गुना सम्पति अर्जित की। उनकी आय दो करोड़ 73 लाख रुपये थी जबकि अर्जित आय तीन करोड़ 63 लाख 84 हजार रुपये पाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications