ममता के भतीजे अभिषेक की पत्नी को HC ने कस्टम ऑफिस में पेश होने का आदेश
कोलकाता। कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा को 8 अप्रैल को कोलकाता कस्टम ऑफिस में हाजिर होने के लिए कहा है। कोर्ट ने साथ ही यह भी कहा है कि कस्टम विभाग कोई प्रतिरोधक कदम नहीं उठा सकता। उन्हें 15-16 मार्च को कोलकाता एयरपोर्ट पर कथित रूप से बिना घोषणा के सोना रखने के आरोप में पकड़ा गया था लेकिन पुलिस के दखल के बाद जाने दिया गया था।

कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा नरूला को आठ अप्रैल को कोलकाता के सीमा शुल्क कार्यालय में पेश होने का आदेश दिया है। रूजिरा के लिए राहत की बात यह है कि, अदालत ने कस्टम विभाग को यह आदेश दिया कि वह अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा नरोला के खिलाफ कोई भी कठोर कदम न उठाए। गौरतलब है कि गत दिनों अभिषेक की पत्नी को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दो किलोग्राम सोने के साथ पकड़े जाने की चर्चा थी।
सोने की बरामदगी के बाद कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की थी, लेकिन बाद में कोलकाता पुलिस के हस्तक्षेप पर उन्हें छोड़ दिया गया था। उधर तीन अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी रूजीरा को विदेशी नागरिकता छिपाने के मामले में नोटिस भेजकर 15 दिन में जवाब देने को कहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के नोटिस में आरोप लगाया गया है कि रुजीरा नरूला ने पैन कार्ड के लिए फॉर्म 49ए भरते समय इस बात का जिक्र नहीं किया कि वह ओसीआई कार्ड रखने वाली थाईलैंड की नागरिक हैं। पैन कार्ड के आवेदन करते समय रूजीरा पर अपनी वास्तविक नागरिकता छिपाने का आरोप है।
अभिषेक बनर्जी वर्तमान में डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र, पश्चिम बंगाल से सांसद हैं। उन्होंने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर 2014 का लोकसभा चुनाव जीता। वह तृणमूल कांग्रेस की युवा शाखा अखिल भारतीय तृणमूल युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। इन आरोपों के सामने आने बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि अगर उनकी पत्नी पर लगे आरोप साबित होते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications