बजट सत्र को लेकर कांग्रेस की बैठक, इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी पार्टी
बजट सत्र को लेकर कांग्रेस की बैठक, कोविड पैकेज, महंगाई, एयर इंडिया डील पर सरकार को घेरेगी पार्टी
नई दिल्ली, 28 जनवरी: इस हफ्ते शुरू हो रहे बजट सत्र को लेकर कांग्रेस की बैठक हुई है। जिसमें सत्र के दौरान सदन के भीतर पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कोरोना महामारी से प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेज, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, चीन की ओर से अतिक्रमण जैसे मुद्दों को उठाकर सरकार को घेरने का फैसला किया गया है। शुक्रवार को कांग्रेस के संसदीय रणनीति समूह की ये बैठक हुई है।

कांग्रेस ने इस बैठक में फैसला लिया कि कोविड महामारी से प्रभावित परिवरों के लिए राहत पैकेज की मांग को कांग्रेस इस सत्र में पुरजोर तरीके से उठाएगी। इसके साथ सीमा पर चीन के अतिक्रमण, महंगाई, बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था, एयर इंडिया को निजी हाथ में देने और किसानों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को घेरेगी। बैठक में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, एके एंटनी, केसी वेणुगोपाल, आनंद शर्मा, जयराम रमेश और मनीष तिवारी समेत ज्यादातर सांसद शामिल हुए।
31 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू हो रहा है। केंद्र सरकार ने बजट सत्र की कार्यवाही सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए 31 तारीख को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधन के साथ सत्र की शुरुआत होगी। इसके बाद वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को बजट पेश करेंगी। कोविड को देखते हुए इस बार कुछ खास इंतजाम किए गए हैं। कोविड के चलते राज्यसभा की बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक और लोकसभा की बैठक शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक होगी। बता दें कि बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगा। महीने भर के बाद बजट सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च को शुरू होगा और 8 अप्रैल तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications