मायावती ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, कहा - समाज-देश का नाम रौशन करें, यही कामना
नई दिल्ली, 29 अगस्त: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान मायावती ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर उनसे मिलकर उन्हें औपचारिक तौर पर बधाई और शुभकामनाएं दी। मायावती ने राष्ट्रपति से मुलाकात की तस्वीर ट्वीटर पर साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति महोदया से उनकी मुलाकात काफी अच्छी रही। मायावती ने कहा कि उनकी यही कामना है कि वो समाज और देश का नाम रोशन करें।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, "माननीया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी से राष्ट्रपति भवन में आज काफी अच्छी मुलाकात हुई। अनुसूचित जनजाति (एसटी) समाज से ताल्लुक रखने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनने पर उनसे मिलकर उन्हें औपचारिक तौर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वे समाज व देश का नाम रौशन करें, यही कामना।"
मायावती ने अपने अगले ट्वीट में लिखा, "वैसे तो बीएसपी व अन्य पार्टियों ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें अपना समर्थन दिया और वे भारी मतों से विजयी हुई, किन्तु अगर थोड़ा और सही व सार्थक प्रयास किया गया होता तो वे सर्वसम्मति से यह चुनाव जीत कर एक और नया इतिहास ज़रूर बनातीं। देश को उनसे बहुत सारी आशाएं।"
बसपा ने राष्ट्रपति चुनाव में भी दिया था एनडीए का साथ
बता दें, बसपा ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था और उनके पक्ष में मतदान किया था। बसपा ने कहा था कि उनका ये फैसला स्वतंत्र रूप से लिया गया है। ये न सत्तापक्ष के समर्थन में है न विपक्ष के खिलाफ। इसके बाद बसपा ने उपराष्ट्रपति चुनाव में भी विपक्ष के खिलाफ वोट दिया था।












Click it and Unblock the Notifications