के कविता से ED की पूछताछ पर भड़के BRS विधायक, बोले- समय आने पर भाजपा को सबक सिखाएंगे
बीआरएस विधायक दानम नागेंद्र ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हम समय आने पर उन्हें सबक सिखाएंगे। के कविता के खिलाफ ईडी की कार्रवाई भाजपा के इशारे पर हो रही है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता से दिल्ली शराब नीति को लेकर जिस तरह से प्रवर्तन निदेशालय पूछताछ कर रहा है उसपर भारत राष्ट्र समिति के विधायक दानम नागेंद्र ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीआरएस भारतीय जनता पार्टी को सही समय आने पर सबक सिखाएगी। नागेंद्र ने कहा कि यह सीधा मामला है। लोगों को साफतौर पर पता है कि इसके पीछे भाजपा की सरकार है। ईडी भाजपा और केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। यह बिल्कुल गलत है। कविता ने साफतौर पर कहा है कि वह किसी भी तरह से इस मामले में शामिल नहीं हैं और उनका शराब के बिजनेस से कोई लेनादेना नहीं है।
नागेंद्र ने कहा कि अगर कोई एक्स, वाई और जेड उनका नाम लेता है तो ईडी इसे षड़यंत्र के तौर पर नहीं ले सकती है। जरूरी बात यह है कि हर बार ईडी से उन्होंने एक निश्चित समय सीमा की मांग की। लेकिन इसके बावजूद वह कल रात 10 बजे बाहर आईं। भाजपा को कोई नही छोड़ेगा, जब इस तरह से महिला को टॉर्चर किया जाएगा। बीआरएस पीछे नहीं हटेगी, हम इसके लिए कोई भी परिणाम भुगतने को तैयार हैं। हम निसंदेह भाजपा को सही समय आने पर सबक सिखाएंगे। बता दें कि ईडी ने मंगलवार को बीआरएस विधायक के कविता से 10 घंटे तक दिल्ली में पूछताछ की थी। उनसे यह पूछताछ दिल्ली शराब नीति को लेकर हुई है। कविता से ईडी ने तीसरी बार यह पूछताछ की है।












Click it and Unblock the Notifications