एक्टर प्रतीक गांधी पत्नी और भाई संग हुए कोरोना पॉजिटिव, सलमान खान की इस फिल्म में कर चुके हैं काम
मुंबई। कोरोना वायरस अब बॉलीवुड में पैर पसार चुका है। रोज किसी न किसी एक्टर के संक्रमित होने की खबर सामने आ रही है। अब अभिनेता प्रतीक गांधी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रतिक के साथ उनकी पत्नी भामिनी ओझा और भाई पुनीत भी इस वायरस से संक्रमित हैं। आपको बता दें कि प्रतिक गांधी "बे यार'', "रॉन्ग साइड राजू", " लव नी भवाई" जैसी कामयाब गुजराती फिल्मों में काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह "मित्रों" और सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस की "लवयात्री" जैसी हिंदी फिल्मों में भी दिख चुके हैं।

प्रतिक ने ट्वीट कर खुद दी जानकारी
गांधी ने रविवार को ट्विटर पर बताया कि वह और उनकी पत्नी ओझा घर में ही पृथक-वास में चले गए हैं जबकि उनके भाई को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उन्होंने कहा, "हम वायरस से मजबूती से लड़ रहे हैं।"एक मित्र के ट्वीट का जवाब देते हुए प्रतीक ने भाजपा नेता किरीट सोमैया का समय पर सहायता करने के लिए शुक्रिया अदा किया और कहा कि वह उनकी मदद के आभारी हैं।

हंसल मेहता की इस सीरीज में नजर आएंगे प्रतीक
प्रतीक हंसल मेहता की सीरीज स्कैम 1992 में नजर आएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बॉलीवुड सितारे कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन जैसे सितारों के अलावा एक्टर पार्थ समथान और एक्ट्रेस जोआ करीमी जैसी हस्तियां भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं।

देश में पहली बार एक दिन में 40,000 से अधिक नए कोरोना केस
भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 11 लाख पार कर गई है। पिछले 24 घंटे में देश में 40,425 नए मामले सामने आए, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 11,18,043 हो गई है। देश में पहली बार 40,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। इसके अलावा बीते दिन 681 मरीजों ने कोरोना वायरस की वजह से दम तोड़ा और कुल मौतों की संख्या 27,497 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications