बीएमसी चुनाव में जीत पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दी शिवसेना को बधाई
बीएमसी चुनाव में बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं शिवसेना ने बढ़त बरकरार रखते हुए 84 सीटों पर कब्जा जमाया।
नई दिल्ली। बीएमसी चुनाव में शिवसेना की एक और जीत और सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिक चुनाव में शिवसेना को मिली शानदार जीत पर मेरी ओर से उन्हें बधाई। बीएमसी चुनाव इस बार बीजेपी और शिवसेना अलग-अलग चुनाव लड़े थे। बीजेपी और शिवसेना में कांटे की टक्कर देखने को मिली।

बीएमसी चुनाव में शिवसेना और बीजेपी में रही सीधी टक्कर
बीएमसी चुनाव में बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं शिवसेना ने बढ़त बरकरार रखते हुए 84 सीटों पर कब्जा जमाया। फिलहाल नगर पालिका पर कब्जा किसका होगा इसको लेकर रणनीति और जोड़-तोड़ शुरु हो गया है। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शिवसेना को उनकी जीत पर बधाई दी है। नीतीश कुमार विधानसभा के बजट सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने अपने विधायकों को नसीहत भी दी। नीतीश कुमार ने अपने विधायकों से कहा कि वो कोई भी ऐसी बात नहीं बोलें जिससे महागठबंधन प्रभावित हो। महागठबंधन की स्थिति पर असर नहीं हो इस बात का ध्यान रखा जाए।
बीएमसी चुनाव में बीजेपी और शिवसेना के बीच कांटें की टक्कर के बाद अब नगर पालिका पर कब्जे को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। इस बीच बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा है कि बीजेपी और शिवसेना का तो बहुत पुराना प्यार है। इस प्यार से कोई ना कोई परिणाम निकल ही आएगा। दूसरी ओर शिवसेना के सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुंबई का मेयर न केवल शिवसेना का होगा बल्कि अगला मुख्यमंत्री भी शिवसेना का ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications