लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी ने रखा 50 फीसदी वोट शेयर का टारगेट, देशभर में होंगे 5000 सम्मेलन
BJP Meeting News: राजधानी दिल्ली में दो दिनों तक चलने वाली भाजपा पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को संपन्न हो गई। बैठक में आने वाले 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ पार्टी ने 50 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
इसके साथ ही पार्टी 15 जनवरी के बाद क्लस्टर बैठकें शुरू करेगी और युवा मोर्चा देशभर में 5000 सम्मेलन करेगा। बैठक के पहले दिन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदाधिकारियों को संबोधित किया, वहीं शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह ने मीटिंग में हिस्सा लिया।

50% वोट शेयर का टारगेट
भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के दूसरे और अंतिम दिन बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 50 फीसदी वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही पार्टी नए मतदाताओं से जुड़ने के लिए देशभर में अभियान चलाएगी। नए मतदाताओं से जुड़ने के लिए बीजेपी बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी।
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक में सभी अधिकारियों से लोकसभा चुनाव में बंपर जीत का अंतर सुनिश्चित करने को कहा है। इसी के साथ देशभर की लोकसभाओं को क्लस्टर में बांटकर क्लस्टर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन समूहों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
देशभर में होंगे 5 हजार सम्मेलन
वहीं युवा मोर्चा 24 जनवरी को नए मतदाता सम्मेलन शुरू करेगा। भाजपा युवा मोर्चा देशभर में 5,000 सम्मेलन आयोजित करेगा। इसके साथ ही देशभर में सामाजिक सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में कहा गया कि पार्टी नेताओं को उम्मीदवारों की सूची की घोषणा का इंतजार नहीं करना चाहिए। प्रत्येक भाजपा नेता को अब 2024 के लोकसभा चुनावों में रिकॉर्ड अंतर से जीत सुनिश्चित करने के लिए कमर कस लेनी चाहिए।
राम मंदिर के लिए चलेगाअभियान
इसके साथ ही बीजेपी ने 1 जनवरी 2024 से राम मंदिर उत्सव के लिए एक अभियान चलाने का फैसला किया है, जिसमें बीजेपी कार्यकर्ता देशभर के सभी गांवों में घर-घर जाएंगे और दस करोड़ परिवारों को राम मंदिर के लिए दीया रोशनी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications