छत्तीसगढ़: बीजेपी की सरोज पांडेय ने जीता राज्यसभा सांसद का चुनाव, आला नेताओं ने दी जीत की बधाई
बता दें कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्यसभा सीट के लिए मतदान हुए। शुक्रवार को सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय ने जीत दर्ज की है। उन्होनें कांग्रेस प्रत्याशी लेखराम साहू को हराया। सरोज पांडेय के पक्ष में 51 वोट पड़े, जबकि लेखराम साहू के पक्ष में 36 वोट पड़े, जबकि जेसीसीजे समर्थक विधायकों अमित जोगी,आर.के.राय और सियाराम कौशिक ने मतदान का बहिष्कार किया। इस प्रकार फैसला कुल पड़े 87 मतों में से हुआ। बताया जा रहा है कि भाजपा के 49 विधायकों के अलावा निर्दलीय विधायक विमल चोपड़ा और बसपा विधायक केशव चंद्रा का वोट भी सरोज पांडेय के पक्ष में गया। विधानसभा सदस्यों सहित प्रदेश के आला नेताओं ने सरोज पांडेय को जीत की बधाई दी है।

अपनी जीत के बाद सरोज पांडेय ने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी चीफ अमित शाह के नेतृत्व में बीजेपी अन्य राज्यों में भी जीत दर्ज करेगी। शाम को औपचारिक घोषणा के बाद सरोज समर्थकों का उत्साह चरम पर था। समर्थकों ने सरोज पांडेय का स्वागत किया। फिर बधाई का सिलसिला शुरू हो गया। बता दें कि क्रॉस वोटिंग को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका से बचने के लिए शुक्रवार सुबह सीएम हाउस में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के बाद सभी विधायक वोट डालने विधानसभा गए थे।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्यसभा सीट के लिए मतदान हुए। शुक्रवार को सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम चार बजे तक चली। कुल 90 मतदाताओं में से 87 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।












Click it and Unblock the Notifications