नागालैंड की एक सीट पर निर्विरोध जीता बीजेपी का प्रत्याशी, कांग्रेस उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन
जुनहेबोतो जिले की अकुलुतो विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार कझेतो किनिमी ने निर्विरोध चुनाव जीत लिया है। उनके सामने चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया है।

नागालैंड में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के एक उम्मीदवार कझेतो किनिमी ने निर्विरोध चुनाव जीत लिया है। जुनहेबोतो जिले की अकुलुतो विधानसभा सीट पर कझेतो का मुकाबला एकमात्र कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी खेकाशे सुमी से था, लेकिन उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद कझेतो को विजेता घोषित कर दिया गया। बीजेपी नागालैंड के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी गई है। कझेतो अपनी सीट से वर्तमान विधायक भी हैं।
59 सीटों पर 27 फरवरी को डाले जाएंगे वोट
नागालैंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी शशांक शेखर ने एक बयान जारी कर कहा कि 31 अकुलुतो विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार एन. खेकाशे सुमी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। आपको बता दें कि नागालैंड में 27 फरवरी को होने वाली वोटिंग के लिए 10 फरवरी का दिन नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। नागालैंड में 60 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 27 फरवरी को होगी, लेकिन कझेतो की जीत के बाद मतगणना वाली सीटों की संख्या 59 रह गई है।
Honble MLA & Advisor & BJP candidate of 31 AC Akuluto @KazhetoKinimi declared uncontested in the upcoming NLA Elections 2023.
— BJP Nagaland (@BJP4Nagaland) February 10, 2023
Congratulations! pic.twitter.com/OCzIjabqre
जीत के बाद क्या बोले कझेतो?
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कझेतो किनिमी ने कहा है, "दूसरे कार्यकाल के लिए अकुलुतो की जनता का बहुत-बहुत आभार। मैं इस विधानसभा का फिर से प्रतिनिधित्व करने के लिए खुद को सम्मानित महससू कर रहा हूं। मैं इस जिम्मेदारी के मिलने के लिए ईश्वर का भी आभारी हूं। अपने समर्थकों से मैं यही कहना चाहूंगा कि हमें मोदी जी के नेतृत्व में विकास की गति को इसी तरह बढ़ाना है। यह जीत हमारे प्रधानमंत्री के विश्वास की है।
ANDPP के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है बीजेपी
आपको बता दें कि बीजेपी ने राज्य में 2018 का चुनाव एनडीपीपी के साथ मिलकर लड़ा था। पिछले चुनाव में 40:20 का फॉर्मूला तय हुआ था। इस बार भी दोनों पार्टियां इसी फॉर्मूले पर चुनाव लड़ रही हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अगले हफ्ते नागालैंड और मेघालय में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का मेनिफेस्टो लॉन्च करने वाले हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि जेपी नड्डा अगले सप्ताह दो अलग-अलग मौकों पर नॉर्थ ईस्ट का दौरा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications