आकाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट बैट से अफसर को पीटा, कहा-आवेदन, निवेदन फिर दनादन
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट के बल्ले से निगम अधिकारी की बुधवार को पिटाई कर दी। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। पिटाई पर मीडिया से बात करते हुए विधायक ने कहा कि ये तो सिर्फ शुरुआत है, हमारी कार्रवाई की लाइन- आवेदन, निवेदन और फिर दे दनादन है। इस घटना के बाद निगम के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है।

आकाश विजयवर्गीय ने पूरी घटना पर अपनी बात रखते हुए कहा कि देखिए, यह सिर्फ शुरुआत है। हम इस भ्रष्टाचार और गुंडई को खत्म करके रहेंगे। 'आवेदन, निवेदन और फिर दना दन', यह हमारा कदम होगा। आपको बता दूं कि गैंग ने महिलाओं को उनके घरों से बाहर खींच लिया, महिला पुलिस को उनके साथ होना चाहिए था। जब मैं वहां पहुंचा, तब लोग अधिकारियों पर गुस्सा थे और वे उनका पीछा कर रहे थे। हम पुलिस स्टेशन पर उन अधिकारियों पर एफआइआर दर्ज कराने आए हैं।
उधर कांग्रेस ने इंदौर-3 से बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन ने मीडिया से कहा, कोई भी कितना बड़ा नेता हो, यदि कानून को हाथ में लेने का काम करेंगे तो कानून अपना काम करेगी। बता दें कि, बुधवार को जोनल अफसर धीरेंद्र बायस और असीत खरे नगर निगम की टीम के साथ जेल रोड के पास गंजी कंपाउंड स्थित एक दो मंजिला खतरनाक मकान तोड़ने पहुंचे थे।
लेकिन उस घर में रहे एक किराएदार और नगर निगम के अफसरों से विवाद हो गया। किसी ने इस बात की सूचना आकाश विजयवर्गी को दे दी। मौके पर पहुंचे आकाश नगर निगम के अधिकारियों से उलझ गए। विवाद इतना बढ़ा कि विधायक ने क्रिकेट बैट उठा लिया और निगम अफसर धीरेंद्र बायस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बताया जा रहा है कि, पुलिस ने इस मामले में विधायक और उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications