BJP Manifesto 2024: जन–कल्याण, राष्ट्रवाद के साथ तिरुवल्लुवर के सहारे साउथ को साधेगी बीजेपी?
BJP Manifesto 2024 Lok Sabha Election: बीजेपी के 400 पार वाले टारगेट के लिए दक्षिण भारत इस बार कितना महत्वपूर्ण है यह पार्टी के संकल्प पत्र से भी साबित हुआ है। तमिलनाडु में लोकसभा की सबसे ज्यादा 39 सीटें हैं। पार्टी ने इस बार तमिलों के भावनात्मक, साहित्यिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक मुद्दों को जगह देने की भरपूर कोशिश की है।
पूरे विश्व में तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र- बीजेपी
बीजेपी के संकल्प पत्र को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, 'हम पूरे विश्व में तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र बनाएंगे। दुनिया की सबसे प्राचीन भाषा हमारा गौरव है। बीजेपी तमिल भाषा की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।'

कौन थे तिरुवल्लुवर?
तिरुवल्लुवर तमिल संस्कृति के सबसे प्रसिद्ध साहित्यकारों में से एक रहे हैं। तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की सबसे महान कृतियों में शामिल है, जो उनकी ही रचना है। वे तमिल शास्त्रीय संस्कृति के लिए गौरवशाली संगम काल से जुड़े विद्वान हैं। वे एक महान कवि और दार्शनिक होने के साथ ही अप्रतिम ज्ञानी भी थे।
प्राचीन तमिल संस्कृति के गौरवशाली अतीत पर पीएम मोदी का फोकस
प्रधानमंत्री मोदी पिछले काफी समय से तमिल संगम के सहारे तमिल संस्कृति और उत्तर भारतीय संस्कृति में तालमेल बिठाने का प्रयास कर रहे हैं। अयोध्या में भगवान राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान वे राज्य में राम से जुड़े प्राचीन धार्मिक महत्त्व के स्थानों के दौरे भी कर चुके हैं।
द्रविड़ राजनीति से अलग समृद्ध विकल्प देने की कोशिश
इसके अलावा बीजेपी राज्य में उन तमिल नामचीन हस्तियों के सहारे जन-कल्याण के कार्यों को बढ़ावा देने की भी कोशिश में है, जिससे द्रविड़ राजनीति से प्रभावित तमिल समाज को उनके इतिहास से जुड़े दूसरे समृद्ध विकल्पों से भी जुड़ने का रास्ता उपलब्ध हो सके।
कामराज के नाम पर कल्याणकारी कदम उठाने का वादा
इसी कड़ी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई कोयंबटूर के लिए जारी अपने मेनिफेस्टो में 'कामराज फूड वैन' चलाने का संकल्प भी जता चुके हैं। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के कामराज यूं तो कांग्रेस के आइकन रहे हैं। लेकिन, प्रदेश में पार्टी उन्हें उसी तरह से भुनाने की कोशिश कर रही है, जैसे अन्य महान कांग्रेसियों सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री और पीवी नरसिम्हा राव से करती रही है।
दक्षिण विजय के लिए कांग्रेस आइकन के उपयोग से परहेज नहीं
अलबत्ता राव को छोड़कर अन्य कांग्रेसी दिग्गजों के समय की कांग्रेस पार्टी और आज की कांग्रेस पार्टी की तुलना कतई नहीं की जा सकती। लेकिन, यह भी हकीकत है कि भाजपा को दक्षिण विजय अभियान के तहत जन-कल्याण कार्यक्रम के वादे के लिए जरूरत पड़ी है तो उसने कामराज को जरूर सामने करने की कोशिश की है।
कौन थे के कामराज?
कोयंबटूर में अन्नामलाई खुद बीजेपी के उम्मीदवार हैं। उन्होंने वहां के मतदाताओं से चौबीसों घंटे 'कामराज फूड वैन' चलाने का वादा किया है। तीन बार तमिलनाडु के सीएम रहे के कामराज कट्टर कांग्रेसी ही नहीं थे, उन्हें किंग मेकर के रूप में आज भी याद किया जाता है। लाल बहादुर शास्त्री और उनके बाद इंदिरा गांधी को देश के प्रधानमंत्री बनाने में उनकी अहम भूमिका माना जाती है।
राष्ट्रवाद के एजेंडे को आगे बढ़ाने के भाजपा लेती है सहारा
भाजपा को जब भी अपने राष्ट्रवाद के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस के दिग्गजों की आवश्यकता पड़ी है, उसने कभी उनका नाम आगे बढ़ाने से परहेज नहीं किया है। तमिलनाडु में के कामराज उसके राष्ट्रवाद के एजेंडे में उसी तरह से फिट बैठते हैं, जैसे-पटेल, शास्त्री, बोस और राव को यह बिठाती रही है।
कामराज का काफी समय से भाजपा कर रही है गुणगान
तमिलनाडु की राजनीति दशकों से द्रविड़ राजनीति की गिरफ्त में है और उसका विकल्प देने के लिए बीजेपी के पास के कामराज एक अच्छी शख्सियत साबित हो सकते हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने 2015 में कामराज की जयंती पर पीएम मोदी की उनसे तुलना करने की भी कोशिश की थी।
2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कोयंबटूर रैली में भी कामराज के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए थे। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केशवन ने ईटी से बातचीत में कहा, 'कामराज की तरह, पीएम मोदी के कार्यकाल को करुणा और अखंडता की तरह परिभाषित किया जाता है। यह स्वाभाविक और सही ही है कि बीजेपी के तमिलनाडु अध्यक्ष ने कामराज के नाम पर फूड वैन का वादा किया है।'
उनके मुताबिक, 'पीएम मोदी ने सामाजिक सशक्तिकरण और गरीबी खत्म करने पर जोर देने के लिए कामराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा था कि वे सभी के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति थे।'












Click it and Unblock the Notifications