मोदी को कर दिया था ना लेकिन राहुल के लिये बिस्मिल्ला के बेटों ने बजाई शहनाई

दरअसल, मोदी ने कुछ दिन पहले अमेठी में चुनावी सभा करके राहुल गांधी को कड़ी चुनौती दी थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से राहुल भी भाजपा के गढ़ काशी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। रोड शो के लिए राहुल के साथ वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर ने कहा कि राहुल के समर्थन में वाराणसी की आम जनता आज सड़कों पर है।
हाल ही में फैजाबाद में मोदी की हुई एक रैली के मंच पर भगवान राम की तस्वीर लगाई गई थी, जिस पर काफी विवाद हुआ था। ऐसी चर्चा है कि कांग्रेस ने उसी की काट में आज राहुल के रोड-शो के दौरान 'रघुपति राघव राजाराम' की धुन का सहारा लिया। इसके लिए बाकायदा एक अलग वाहन का इंतजाम किया गया था, जो राहुल के वाहन के पीछे-पीछे चल रहा था।
करीब दस किलोमीटर के रोड शो में राहुल गांधी के साथ गुलाम नबी आजाद व राज बब्बर समेत कई कांग्रेसी दिग्गज शामिल रहे। इस दौरान जगह-जगह राहुल पर फूल भी बरसाए गए। राहुल का रोड शो गोलगड्डा, पीलीकोठी, विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, कबीरचौरा, पिपलानी कटरा, लहुराबीर, चेतगंज, बेनियाबाग, नई सड़क, गोदौलिया, जंगमबाड़ी, मदनपुरा, बंगाली टोला, सोनारपुरा, भदैनी, अस्सी होते हुए लंका पहुंचा। पूरे मार्ग पर स्वागत द्वार बनाए गए थे।
राहुल गांधी के रोड-शो मे मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने की भरपूर कोशिश की गई। शायद इसीलिए रोड-शो का रास्ता भी मुस्लिम बाहुल्य इलाके से होकर तय किया गया। रोड-शो के दौरान बिस्मिल्ला खां के बेटों ने शहनाई भी बजाई और राहुल गांधी को बिस्मिल्ला खां का चित्र भी भेंट किया गया।
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी भी अपने नामांकन में बिस्मिल्ला खां के परिवार के किसी सदस्य को प्रस्तावक बनाना चाहते थे लेकिन काफी प्रयास के बाद यह बात बन नहीं पाई थी।












Click it and Unblock the Notifications