लड़की के गले में लिपटा दुपट्टा, बाइक सवारों ने घसीटकर मारा
जब लड़कों को लड़की के शरीर में कोई हलचल दिखना बंद हो गई तो उन्होंने बाइक वापस घुमाई और उसके ऊपर से गुजार दी।
भभुआ। बिहार में जंगलराज एक बार फिर से लौट आया है। भले ही नीतीश कुमार शराबबंदी कानून लाकर अपनी पीठ थपथपा रहे हों, लेकिन राज्य में बढ़ते अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

मंगलवार को बिहार के भभुआ में एक 15 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई और हत्यारों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। इस लड़की का नाम सुधा कुमारी है, जो कक्षा 10 में पढ़ती थी।
मंगलवार को वह परीक्षा देने के लिए स्कूल जा रही थी, कि रास्ते में ही कुछ लड़के उसका पीछा करने लगे। कुछ देर बाद वह लड़की के बगल से गुजरे और एक लड़के ने लड़की का दुपट्टा पकड़ कर खींच दिया।
जैसे ही उसने दुपट्टा खींचा तो वह लड़की के गले में फंस गया और लड़की बीच सड़क पर ही गिर पड़ी। लेकिन लड़कों को उस पर कोई रहम नहीं आया और उन्होंने लड़की को करीब 50 मीटर तक खींचा।
दुपट्टा गले में फंसने की वजह से उसका गला चोक हो गया। जब लड़कों को लड़की के शरीर में कोई हलचल दिखना बंद हो गई तो उन्होंने बाइक वापस घुमाई और उसके ऊपर से गुजार दी, जिसकी वजह से उस नाबालिग लड़की की मौत हो गई।
सुधा कुमारी भभुआ जिले के फकाराबाद की रहने वाली थी। जैसे ही सुधा कुमारी के साथ चल रहे उसे दोस्तों ने चिल्लाना शुरू किया तो गांव के कुछ लोग मदद के लिए आए और सभी आरोपी फरार हो गए।
गुस्साए गांव वालों ने शव मेन रोड पर रखकर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम भी कर दिया और आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करते रहे। सुधा कुमारी के भाई ने कृष्णा कुमार गोंड और उसके दो साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है, जिसकी अभी पहचान नहीं की जा सकी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। बिहार के कैमूर की पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापे मारे जा रहे हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस जगुननाथ ज रेड्डी ने कहा है कि पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। बिहार में महिलाओं के साथ हो रहे ऐसे अपराध भले ही पहले से कम हो गए हों, लेकिन अभी भी बिहार में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications