Bihar Student Credit Card Scheme: शिक्षा ऋण घटने की खबर गलत, सरकार ने बढ़ाई वित्तीय सहायता
बिहार सरकार ने बिहार छात्र क्रेडिट कार्ड योजना के तहत वित्तपोषण के विकल्पों का विस्तार करने की घोषणा की है, जिससे बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से ₹2 लाख तक और बैंकों के माध्यम से ₹2-4 लाख तक, और विद्या लक्ष्मी पोर्टल के माध्यम से ₹10 लाख तक की ऋण उपलब्धता बढ़ाई गई है, साथ ही समग्र बजट भी बढ़ाया गया है।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों को मिलने वाले शिक्षा ऋण में कमी किए जाने की खबर को राज्य सरकार ने तथ्य से परे बताया है। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा में वित्तीय सहायता के विकल्प पहले की तुलना में बढ़ाए गए हैं।

सरकार के अनुसार, अब 2 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं 2 लाख से 4 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पहले बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से ही 4 लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जाती थी।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना, पीएम विद्यालक्ष्मी पोर्टल और बैंकों से जोड़ने का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए संस्थागत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा विद्यार्थियों को पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के माध्यम से 10 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे उच्च शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों के सामने वित्तीय सहायता के पहले से अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।
पिछले वित्तीय वर्ष से बढ़ा योजना का बजट
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए स्वीकृत व्यय राशि में कमी नहीं हुई है, बल्कि इसमें बढ़ोतरी की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत 886 करोड़ रुपये के व्यय की स्वीकृति दी गई थी। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 950 करोड़ रुपये के व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस तरह पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष में योजना के लिए 64 करोड़ रुपये अधिक के व्यय की स्वीकृति दी गई है।
सरकार ने बताया क्या है उद्देश्य
राज्य सरकार के अनुसार, आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत वित्तीय सहायता का प्रावधान कम नहीं किया गया है। इसके बजाय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आसान, व्यापक और संस्थागत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकल्पों का विस्तार किया गया है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।


Click it and Unblock the Notifications
