कुशवाहा के बोलने से नीतीश की सेहत पर कोई फर्क नहीं: जदयू प्रदेश अध्यक्ष
कुशवाहा के बोलने से नीतीश की सेहत पर कोई फर्क नहीं: जदयू प्रदेशाध्यक्ष
पटना। बिहार के जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा है कि एनडीए मजबूत है और किसी के आने या जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के हाल ही में नीतीश कुमार की आलोचना को लेकर उन्होंने कहा कि कोई क्या कह रहा है, इससे नीतीश कुमार और जदयू की सेहत पर कोई असर होने वाला नहीं है।

वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि बिहार में एनडीए काफी मजबूत है। अगर कोई जाना चाहेगा, तो हम कैसे रोक सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुशवाहा के मन में क्या है, ये हमें नहीं पता लेकिन किसी के आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
बता दें कि बिहार में सीटों के बंटवारें को लेकर कुशवाहा लगातार असंतुष्ट दिख रहे हैं। वो नीतीश कुमार पर भी हमलावर हैं। वो राज्य में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले और कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं।
रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सीट बंटवारे को लेकर शुक्रवार को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं। कुशवाहा ने हाल में बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव से भी मुलाकात की थी। इस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश की एनडीए में एंट्री होने के बाद से ही कुशवाहा नाखुश हैं और अपने लिए नया ठिकाना तलाश रहे हैं। नीतीश कुमार को लेकर वो हाल के दिनों में ज्यादा ही हमलावर दिखे हैं।












Click it and Unblock the Notifications