Bihar Chunav Result 2025: फिर एनडीए सरकार, दिल्ली BJP अध्यक्ष ने बताया जीत का मंत्र, विपक्ष को दी ये सलाह
Bihar Chunav Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम एनडीए के पक्ष में आ रहे हैं। ऐसे में भाजपा और जदयू में जीत का जश्न शुरू हो गया है। एक बार फिर बिहार में एनडीए सरकार बनाने जा रही है। इसको लेकर भाजपा के खेमे में भी जबरदस्त जश्न का माहौल है।
बिहार में एनडीए के बहुमत के आंकड़े को पार करने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एएनआई से बातचीत में कहा कि ये बिहार की जनता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतियों और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के संगठन कौशल को बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि इस संयोजन ने जनता में विश्वास पैदा किया। यही बिहार में एनडीए की जीत का कारण है। विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं के व्यवहार आचरण में गंभीरता नहीं है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि जब तक आचरण में गंभीरता नहीं आएगी, देश की जनता आपको गंभीरता से नहीं लेगी।
बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर मतगणना चल रही है। अब तक एनडीए गठबंधन को 200 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं, जबकि महागठबंधन को मात्र 37 और अन्य को 6 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। ऐसे में बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बन रही है। जदयू और भाजपा मिलकर सरकार बना सकती हैं। हालांकि सीएम नीतीश कुमार होंगे या किसी और को मौका मिलेगा, इसका औपचारिक ऐलान होना बाकी है। बता दें कि भाजपा की ओर से बार बार कहा जा रहा है कि सीएम नीतीश कुमार ही होंगे।
जदयू और भाजपा एक बार फिर मिलकर सरकार बनाने की तरफ कदम बढ़ा रही है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थक फिर से सत्ता में वापसी की खबरों के बीच जमकर जश्न मनाने की तैयारी में जुट गए हैं। पटना में जदयू के कार्यालय के बाहर समर्थकों का जश्न शुरू हो गया है। मिठाइयां बंटनी शुरू हो गई है और पटाखे भी लाए जा रहे हैं।









Click it and Unblock the Notifications