Bihar Assembly Elections 2020: पीएम मोदी ने खोला खजाना, अगले 10 दिनों में बिहार को देंगे 16 हजार करोड़ का तोहफा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 10 दिनों में कई परियोजनाओं का शुभारंभ और उद्घाटन करेंगे, जो बिहार के लोगों के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार और जीवनयापन को आसान बनाएंगी। ये परियोजनाएं एलपीजी पाइप लाइन, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, नमामि गंगे के तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लान, जलापूर्ति योजना, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट, नई रेलवे लाइन, रेलवे ब्रिज, विभिन्न वर्गों के विद्युतीकरण, राजमार्गों और पुलों के निर्माण जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री इन कार्यक्रमों के दौरान राज्य के लोगों से भी संवाद करेंगे। सारे कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से होगी। एक सूत्र ने बताया, ''इन परियोजनाओं की लागत 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है, इसलिए कोरोना के समय में सरकारी खर्च से विकास को बढ़ावा मिलेगा ।'' आपको बता दें कि बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, अक्टूबर के पहले हफ्ते में चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
पीएम मोदी ने मतस्य के क्षेत्र में बिहार को दिया बड़ा तोहफा
बिहार में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भी मत्स्य के क्षेत्र में एक बड़ा तोहफा दिया है। पीएम ने आत्मनिर्भर भारत के तहत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना को डिजिटल रूप से लॉन्च किया। इस योजना के तहत सरकार 2025 तक 20,050 करोड़ रुपए खर्च करेगी। ये केंद्र सरकार की तरफ से मत्स्य क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा निवेश बताया जा रहा है। इस योजना का लाभ 55 लाख लोगों को मिलने वाला है। इसके साथ ही इससे देशभर में मतस्य पालन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम ने देश को एक और कृषि संबंधित योजना का तोहफा देते हुए ई-गोपाला एप की भी शुरुआत की। इसके अलावा पटना, पूर्णिया, सीतामढ़ी, मधेपुरा, किशनगंज और समस्तीपुर में कई अन्य सुविधाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि हमारे गांव आत्मनिर्भर बनें और अगली सदी में ब्लू रिवॉल्यूशन का असर दिखे। प्रधानमंत्री मत्स्य संप्रदा योजना इसी को ध्यान में रखकर बनाई गई है। अगले पांच साल के दौरान इसमें 20 हजार करोड़ से अधिक खर्च किए जाएंगे। इनमें से आज 1700 करोड़ रुपयों का काम शुरू हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications