'संसद में विपक्ष के साथ होता है ऐसा बर्ताव', दो बार माइक बंद करके राहुल गांधी ने जनसभा में बताया
भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त महाराष्ट्र के नांदेड़ में है। यहां बुधवार को राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते वक्त उन्होंने अपने माइक्रोफोन को दो बार ऑफ कर दिया और कहा कि विपक्ष के नेताओं के साथ संसद में यही होता है। क्योंकि जब भी विपक्ष का नेता नोटबंदी, किसानों, गरीबों या महंगाई के मुद्दे पर बोलता है तो संसद में माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा इसीलिए शुरू की गई है, ताकि लोगों को समस्याओं को दिखाया जा सके। इस दौरान उन्होंने मीडिया पर भी आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा कि मीडिया की तरफ से भी हमें हाइलाइट नहीं किया जाता है।
Recommended Video

माइक बंद करके फिर चालू किए और बोले यहां कम से कम ये मेरे नियंत्रण में है
राहुल गांधी ने माइक्रोफोन बंद करके बोलना जारी रखा और फिर जैसे ही उन्होंने माइक चालू किया तब कहा कि कम से कम यहां हमारे पास नियंत्रण है। मैं यहां अपनी बात आसानी से कह सकता हूं। संसद में तो इसे 2 मिनट में बंद कर दिया जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि हम अक्सर देखते हैं, यदि आप नोटबंदी, चीनी घुसपैठ या फिर किसी अन्य मुद्दे पर बोलना शुरू करते हैं, तो संसद में माइक बंद कर दिया जाता है। ऐसे में आप संसद में जो बोलना चाहते हैं वह बोल नहीं पाते हैं और माइक बंद होने के बाद यदि आप बोलते रहते हैं तो कोई सुनता नहीं है। वहीं, इस दौरान जनसभा में मौजूद लोग जब'ईडी-ईडी' के नारे लगाने लगे तो राहुल बोले वह तो यहीं हैं, लेकिन उनसे डरता कोई नहीं है।
अग्निपथ योजना को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने जनसभा में संबोधन के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर अग्निपथ योजना को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप चार साल देश की सेवा कर सकते हैं लेकिन चार साल बाद आप अब देशभक्त नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि चार साल बाद घर जाओ, माइक बंद करो। यह अग्निवीर है।
चीनी घुसपैठ को लेकर भी भाजपा पर बोला हमला
राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार और पीएम मोदी चीनी घुसपैठ को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से कहा जाता है कि घुसपैठ नहीं हुई है। अगर घुसपैठ नहीं हुई है तो भारतीय पक्ष और चीनी पक्ष किस बारे में बात कर रहे हैं? 22 दौर की बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा बताइए यह देश की स्थिती है। इन्हीं सब समस्याओं को देखते हुए हमने भारत जोड़ो यात्रा निकाली है।
महाराष्ट्र से प्रोजेक्ट को गुजरात भेजने पर भी बोला हमला
महाराष्ट्र से बाहर जाने वाले निवेश पर भी राहुल गांधी ने प्रदेश की सरकार और केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की परियोजनाओं को दो-तीन उद्योगपतियों को दे दी जा रही हैं। क्योंकि वे प्रधानमंत्री के दोस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से "बंदरगाह, बुनियादी ढांचा, दूरसंचार, कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रोजेक्ट इन्हीं लोगों को दिए जा रहे हैं।
राहुल ने लोगों से किसी से चीज से नहीं डरने की अपील
राहुल गांधी ने लोगों से किसी चीज से नहीं डरने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी चीज से मत डरो। मैं नरेंद्र मोदी या आरएसएस के बारे में बात नहीं कर रहा हूं। मैं हर चीज के बारे में बात कर रहा हूं। अगर आप किसी चीज से नहीं डरते हैं, तो आप कभी भी किसी चीज से नफरत नहीं करेंगे। यह मेरा संदेश युवाओं के लिए है। नांदेड़ देश के लिए काम करे।
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी बोले- महाराष्ट्र से Airbus का प्रोजेक्ट उड़ते हुए गुजरात चला गया,क्योंकि वहां चुनाव है












Click it and Unblock the Notifications