Bengaluru Stampede: कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया ने पुलिस कमिश्नर समेत कई अधिकारियों को किया सस्पेंड
Bengaluru Stampede: बेंगलुरु चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून 2025 को आरसीबी की आईपीएल की जीत का जश्न भगदड़ मचने के कारण मातम में बदल गया था। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और लगभग 50 लोग घायल हो गए। कर्नाटक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आदेश पर इस मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही सीएम सिद्धारमैया ने गुरुवार की शाम बड़ा एक्शन लिया है। इस भगदड़ की घटना के लिए पुलिस विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
सीएम सिद्धारमैया ने जिन पुलिस अधिकारियों को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए सस्पेंड किया है, उनमें कब्बन पार्क पुलिस इंस्पेक्टर, स्टेशन हाउस मास्टर, स्टेशन हाउस ऑफिसर, एसीपी, सेंट्रल जोन डीसीपी, वेस्ट जोन डिवीजनल कमिश्नर, बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर और क्रिकेट स्टेडियम प्रभारी शामिल हैं।

इन पुलिस आधिकारियों पर गिरी गाज
- पुलिस आयुक्त बेंगलुरु शहर - बी. दयानंद
- अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम संभाग) - विकास कुमार
- पुलिस उपायुक्त (मध्य संभाग) - शेखर
- कब्बन पार्क संभाग एसीपी- बालकृष्ण
- कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन निरीक्षक- गिरीश
कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस कार्यक्रम को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी थी। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को भी 4 जून को कार्यक्रम आयोजित करने से मना किया गया था। सीएम ने बताया कि उन्होंने राज्य के डीजीपी और आईजीपी को निर्देश दिया है कि आरसीबी के प्रतिनिधि और केएससीए का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्तियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, जो भगदड़ के लिए जिम्मेदार हैं।
रिटायर्ड जज जस्टिस करेंगे जांच
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस माइकल डी कुन्हा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय आयोग का गठन किया गया है, जो इस मामले की जांच करेगा और 30 दिनों में अपनी रिपोर्ट देगा।












Click it and Unblock the Notifications