बंगाल में टूट गया 'INDI अलायंस'! कांग्रेस से बातचीत के बीच ममता ने सहयोगी को क्यों कह दिया दलाल नंबर वन?
यूपी में अखिलेश यादव से टेंशन मिलने के बाद कांग्रेस के लिए ममता बनर्जी ने भी कुछ अच्छी संभानाएं नहीं रहने दी हैं। बुधवार को बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ने इस बात को फिर से दोहरा दिया है कि वो कांग्रेस को एक भी सीट नहीं देने जा रही हैं।
मालदा में एक सभा के दौरान तृणमूल चीफ ने कहा है, 'हमने कांग्रेस पार्टी को मालदा में दो सीटों का प्रस्ताव दिया था, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुई। अब उन्हें राज्य में एक भी सीट नहीं मिलेगी।'

गठबंधन में रहकर भी इतने दूर!
गौर करने वाली बात ये है कि टीएमसी सुप्रीमो ने मालदा के जिस इंग्लिश बाजार से बुधवार को अपनी 'जनसंजोग' यात्रा का आगाज किया है, वहीं से बुधवार को ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकालने की पूरोजर तैयारी की गई थी। मतलब दोनों दलों के कार्यक्रम पहले से तय थे, लेकिन अलग-अलग!
राहुल की गाड़ी का शीशा कैसे टूटा?
यहां यह भी चर्चा की बात है कि मालदा और मुर्शिदाबाद को आज भी कांग्रेस अपना गढ़ मानती है। इसी इलाके में राहुल गांधी की गाड़ी के शीशे टूटने की भी रिपोर्ट है, जिसको लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता सरकार पर निशाना भी साधा है।
ममता ने बिहार पर फोड़ा राहुल की सुरक्षा का ठीकरा
लेकिन, बंगाल की सीएम ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनके मुताबिक, 'मुझे बताया कि राहुल गांधी की कार पर पत्थरबाजी हुई है। मैंने घटना के बारे में जानकारी ली। मैं ऐसी चीजें पसंद नहीं करती। यह बिहार के कटिहार में हुआ है, बंगाल में नहीं। वे टूटे हुए शीशे के साथ बंगाल में घुसे थे।'
सीपीएम बीजेपी की नंबर वन दलाल है- ममता बनर्जी
दोनों दलों में इस जुबानी तल्खी के बीच ममता ने बताया है कि कांग्रेस के साथ उनके अच्छे संबंध सीपीएम की वजह से खराब हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, 'सीपीएम बीजेपी की नंबर वन दलाल है....मैंने सीपीएम से बहुत मार झेली है; और मैं कभी भी उसे माफ नहीं करूंगी। मेरे कांग्रेस के साथ अच्छे संपर्क थे। सीपीएम की वजह से कांग्रेस पार्टी के साथ मेरा रिश्ता खराब हो गया।'
बता दें कि सीपीएम, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस की तरह ही विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की एक महत्वपूर्ण सदस्य है।
बंगाल में टूट गया 'INDI अलायंस'?
हालांकि, ममता बनर्जी की ओर से सख्ती दिखाए जाने के बावजूद कांग्रेस को उनसे रहम मिलने की उम्मीद अभी भी कायम है। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों का कहना है, 'पश्चिम बंगाल में इंडिया ब्लॉक में सीटों का बंटवारा रुका हुआ है। टीएमसी और कांग्रेस प्रस्तावों पर विचार कर रही है। टीएमसी अभी भी इंडिया अलायंस का हिस्सा है।'
वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी यह बताने के लिए पूरा जोर लगा दिया है कि दोनों दलों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं है। उनके मुताबिक, 'हमारी तरफ से अभी तक चीजें फाइनल नहीं हुई हैं। गठबंधन में सभी सदस्यों को एक आवाज में बोलना चाहिए। एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता....'
वे बोले, 'इंडिया अलायंस में तीन पार्टियां हैं। अगर ये तीनों अलग-अलग लड़ना चाहती हैं, तो इन्हें आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा करनी चाहिए। अभी तक यही मानकर चल रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में भी इंडिया अलायंस मिलकर चुनाव लड़ेगा।' (इनपुट-एजेंसियां)












Click it and Unblock the Notifications