Bengal Chunav: राजनाथ सिंह ने हावड़ा से दिया परिवर्तन का संदेश, दोहराया ‘एक देश, एक विधान' का नारा
Bengal Chunav Rajnath Singh: पश्चिम बंगाल में कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले बीजेपी परिवर्तन यात्रा के जरिए ममता सरकार पर जोरदार हमला बोल रही है। इसी कड़ी में हावड़ा में आयोजित 'परिवर्तन यात्रा' के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ममता सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने और तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल को वीरों और क्रांतिकारियों की भूमि बताते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 'दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे' का संकल्प था। उनके इस संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब देश में 'एक देश, एक विधान, एक निशान' ही रहेगा। बंगाल में भी एक देश और दो विधान नहीं चलेंगे।

Rajnath Singh ने रैली में किया दावा, 'TMC की विदाई तय है'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हावड़ा की रैली में ममता बनर्जी सरकार पर तुष्टिकरण के आरोप लगाते हुए दावा किया कि बंगाल में बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, 'मेरा राजनीतिक अनुभव काफी लंबा रहा है और मैं जनता की नब्ज को बहुत अच्छी तरह से समझता हूं। मैं यहां से यह कह रहा हूं कि दुनिया की कोई भी ताकत पश्चिम बंगाल से टीएमसी की विदाई या यहां बीजेपी के आगमन को नहीं रोक सकती। मैं आपको इसका विश्वास दिलाता हूं।'
Bengal Chunav से पहले बीजेपी की परिवर्तन यात्रा
पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई के महीने में चुनाव प्रस्तावित है। बीजेपी के लिए बंगाल अब तक अभेद्य किला रहा है। चुनाव से पहले बीजेपी प्रदेश भर में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। पार्टी के दिग्गज नेता इसमें हिस्सा ले रहे हैं। रक्षा मंत्री ने हावड़ा में इस यात्रा के दौरान एक बड़ी रैली को भी संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में खास तौर पर राष्ट्रवाद, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे उठाए।
रक्षा मंत्री ने एक देश एक विधान का जिक्र किया और उनका बयान सीधे तौर पर बंगाल चुनाव की रणनीति से जुड़ा माना जा रहा है। बीजेपी राष्ट्रवाद और वैचारिक मुद्दों को प्रमुखता दे रही है। 'परिवर्तन यात्रा' के जरिए पार्टी राज्य में सत्ता परिवर्तन का संदेश देने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में बंगाल में दिग्गजों की चुनावी रैलियां देखने को मिलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications