'बिजली-पानी बंद, दिल्ली पुलिस बोली विरोध करना है तो सड़क पर सो जाओ', बजरंग पुनिया का आरोप
Wrestlers Protest: सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो FIR दर्ज की है।

Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ शुक्रवार रात दिल्ली की कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि दिल्ली पुलिस उन्हें विरोध करने से रोक रही है।
'बिजली-पानी बंद...'
बजरन पुनिया ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में आरोप लगाया कि पहलवानों के विरोध स्थल जंतर-मंतर पर बिजली काट दी गई है। इतना ही नहीं पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस पर जंतर मंतर पर भोजन और पानी की सप्लाई बंद करने का आरोप लगाते हुए बजरंग पूनिया ने कहा कि बैरिकेड्स भी लगाए गए हैं। एफआईआर दर्ज होने के कुछ मिनट बाद ही आंदोलन खत्म करने को कहा गया
'दिल्ली पुलिस बोली विरोध करना है तो सड़क पर सो जाओ'
WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने पर पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा, ''दिल्ली पुलिस ने कहा कि विरोध करना है तो सड़क पर सो जाओ। आज अचानक उन पर यह कैसा दबाव आ गया है, ऐसी कोई समस्या पहले तो नहीं थी...। यह केवल सुप्रीम कोर्ट के फैसले और एफआईआर दर्ज करने की वजह से हुआ है।''
'सामान लाने वाले को पीट रही है दिल्ली पुलिस'
पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा, ''हमने कुछ सामान मंगवाया था लेकिन पुलिस हमें यहां लाने नहीं दे रहे हैं और सामान लाने वाले को पीट-पीट कर भगा रहे हैं। जब तक हमें इंसाफ हीं मिलता, हम विरोध करेंगे, पुलिस प्रशासन हमें कितना भी प्रताड़ित करे।''
पहलवान सत्यव्रत कादियान ने कहा, ''यह अच्छा है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर से हमें क्या मिलेगा? क्या एफआईआर से हमें न्याय मिलेगा? दिल्ली पुलिस को पहले ही दिन एफआईआर दर्ज कर लेनी चाहिए थी। हमारी ऑन-पेपर लड़ाई अभी शुरू हुई है।''
पहलवान सत्यव्रत कादियान ने आगे कहा, ''अब देखने वाली बात होगी कि हमारी कानूनी टीम और कोचों का क्या कहना है। हम मांग कर रहे हैं कि कुश्ती को राजनीति से अलग किया जाए और हमारी महिला पहलवानों का भविष्य सुरक्षित किया जाए।''












Click it and Unblock the Notifications