बेबी रानी मौर्य को बनाया गया बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, दो हफ्ते पहले राज्यपाल पद से दिया था इस्तीफा
नई दिल्ली, 20 सितंबर: दो हफ्ते पहले उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तब उम्मीद जताई जा रही थी कि वो उत्तर प्रदेश से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं, लेकिन उससे पहले सोमवार को उन्हें बीजेपी ने बड़ी जिम्मेदारी दी। जिसके तहत मौर्य को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके अलावा बंगाल बीजेपी का नेतृत्व कर रहे दिलीप घोष को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। उनकी जगह पर अब बालुरघाट से लोकसभा सांसद सुकांत मजुमदार पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष होंगे।

दरअसल बेबी रानी मौर्य दलित समाज से आती हैं। साथ ही वो आगरा की मेयर भी रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने समाज कल्याण विभाग से जुड़कर लोगों की बहुत सेवा की। इसी वजह से कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी बतौर दलित चेहरा उन्हें यूपी चुनाव में उतार सकती है। इससे पहले उन्होंने 2007 में एत्मादपुर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उस दौरान बीएसपी उम्मीद नारायण सिंह सुमन ने उन्हें हरा दिया।
ये जिम्मेदारियां भी संभाली
बेबी रानी मौर्य का जन्म 15 अगस्त 1956 में हुआ था। 1997 में वर्तमान राष्ट्रपति और तत्कालीन बीजेपी राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रामनाथ कोविंद के साथ वो कोषाध्यक्ष रहीं। बाद में साल 2002 में वो राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी बनीं। उन्होंने 27 अगस्त 2018 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। अब पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके चुनाव लड़ने की बात को और बल मिला है।












Click it and Unblock the Notifications