Baba Siddique: 48 साल बाद मुंबई के दिग्गज नेता बाबा सिद्दीकी ने क्यों छोड़ा कांग्रेस का हाथ,कर दिया बड़ा इशारा
कांग्रेस को महाराष्ट्र में कुछ ही हफ्तों बाद दूसरा बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव इस्तीफा दे दिया है।
एक्स पर लिखे अपने एक पोस्ट में उन्होंने अपने इस्तीफे का कोई खास कारण तो नहीं बताया है, लेकिन यह लिखकर बहुत कुछ कह दिया है कि 'कहने के लिए तो बहुत कुछ है, कहा जाता है कि कुछ चीजें नहीं कहना ही ज्यादा अच्छा है।'

मिलिंद देवड़ा के बाद मुंबई में कांग्रेस को दूसरा झटका
इससे पहले 14 जनवरी को पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा कांग्रेस छोड़कर शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। बाबा सिद्दीकी ने यह तो साफ नहीं किया है कि उनका कदम किस ओर बढ़ने वाला है, लेकिन उन्होंने 10 फरवरी को अपने अगले राजनीतिक सफर की घोषणा करने की बात कही है।
कुछ चीजें अनकही ही रह जाएं तो अच्छा है- बाबा सिद्दीकी
एक्स पर लिखे पोस्ट में बाबा सिद्दीकी ने कहा है, 'मैं एक युवा किशोर के रूप में कांग्रेस में शामिल हुआ था और 48 वर्षों तक चली यह एक महत्वपूर्ण यात्रा रही है। आज मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। ऐसा बहुत कुछ है, जिसे मैं जाहिर करना चाहता हूं, लेकिन जैसा कि कहते हैं कि कुछ चीजें अनकही ही रह जाएं तो अच्छा है।'
एनसीपी में जाने की है चर्चा
बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान अभी भी मुंबई की बांद्रा (ईस्ट) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस एमएलए हैं। अटकलें हैं कि बाबा सिद्दीकी उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी में शामिल हो सकते हैं।
बाबा सिद्दीकी ने बिना कहे इशारों में क्या कह दिया?
बाद में उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'जब कोई चीज आपको समझ में नहीं आती है और बार-बार बोलने के बाद वह ठीक नहीं होती है तो आपको समझ लेना चाहिए कि आपकी जरूरत नहीं रह गई है और आपको निकल लेना चाहिए...इसलिए मैं निकल गया....'
हैरान हैं कि बाबा सिद्दीकी बीजेपी में जा रहे- कांग्रेस
उनके इस्तीफे पर मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कहा है, 'हम हैरान हैं कि बाबा सिद्दीकी बीजेपी में जा रहे हैं....कांग्रेस ने उन्हें बहुत कुछ दिया है....जब आपको पार्टी इतना कुछ देती है तो आपको पार्टी के प्रति वफादार रहना चाहिए....आज लोग कपड़ों की तरह पार्टी बदलने लगे हैं...यह दुर्भाग्यपूर्ण है....'
राहुल के बयान के बाद कांग्रेस को पहला बड़ा झटका
मिलिंद देवड़ा का परिवार 55 साल से कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। उनके कांग्रेस छोड़ने पर राहुल गांधी ने कहा था कि मिलिंद देवड़ा और हिमंता बिस्वा सरमा जैसे लोगों को पार्टी से चले जाना चाहिए। उस बयान के बाद कांग्रेस को मुंबई कांग्रेस के कद्दावर नेता ने इतना बड़ा झटका दिया है।
कौन हैं बाबा सिद्दीकी?
बाबा सिद्दीकी बांद्रा (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के तीन बार के विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व फूड एंड सिविल सप्लाई मंत्री रह चुके हैं। वे महाराष्ट्र हाउसिंह एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुंबई डिविजन के चेयरमैन भी रह चुके हैं। सि्ददीकी बॉलीवुड की शख्सियतों से अपनी नजदीकियों के लिए भी जाने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications