मुंबई पहुंचे टोनी एबॉट, दे सकते हैं भारत को न्यूक्लियर फ्यूल
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी जापान यात्रा से वापस आ गए हैं और अब वह ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबॉट के साथ मुलाकात करेंगे। टोनी, गुरुवार तड़के भारत पहुंचे हैं।

उनके इस दौरे पर इस बात के पूरे आसार हैं कि भारत और ऑस्ट्र्रेलिया के बीच परमाणु ईधन की आपूर्ति के लिए जरूरी न्यूक्लियर डील पर साइन हो सकते हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अलावा कैनबरा में खुद एबॉट की ओर से इस बात की ओर इशारा किया गया है। विदेश मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी संजय भट्टाचार्य ने बताया है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी इस बारे में बातचीत जारी रखे हैं।
भट्टाचार्य के मुताबिक इस बाबत अभी तक पांच दौर की बातचीत पूरी हो चुकी है और यह काफी सकारात्मक रही है।
भट्टाचार्य के मुताबिक पांच सितंबर शाम को इस पर साइन हो सकते हैं। एबॉट ने भारत आने से पहले ऑस्ट्रेलिया की संसद में कहा था कि वह भारत को यूरेनियम की सप्लाई के लिए होने वाली डील के फाइनल होने की उम्मीद करते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के कॉमर्स मिनिस्टर एंड्रयू रॉब की मानें तो भारत और ऑस्ट्रेलिया सरकार के बीच पिछले कुछ वर्षों से इस डील पर बात हो रही थी।
ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी बातचीत से पूरी तरह से संतुष्ट हैं। एबॉट दो दिन की भारत यात्रा पर आए हैं। पांच तारीख को वह नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के पास दुनिया का 40 प्रतिशत यूरेनियम भंडार है। आस्ट्रेलिया ने परमाणु अप्रसार संधि पर भारत के हस्ताक्षर नहीं किए जाने के कारण उसे यूरेनियम की बिक्री करने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
वर्ष 2012 में भारत को यूरेनियम की आपूर्ति करने पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया था और उसके बाद से दोनों देश यूरेनियम आपूर्ति का समझौता करने के प्रयास में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications