औरंगाबाद हिंसा में घायल हुए ACP की हालत नाजुक, डॉक्टर ने कहा- कंठनली में फंसी हवा
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पिछले शुक्रवार (11 मई) की शाम को हुई हिंसा के बाद पूरे शहर में धारा 144 लगा दी गई है। इस हिंसा की चपेट में आए असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस गोवर्धन कोलेकर की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टर का कहना है कि गोवर्धन कोलकर की वॉइस बॉक्स (कंठनली) गंभीर रूप से घायल है। डॉक्टर ने कहा कि हवा उनकी कंठनली में फंसी हुई है और उनकी हालत बहुत गंभीर है।

शहर में दो दिन तक हुई हिंसा के बाद अब माहौल शांतिपूर्ण है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। अभी तक शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि शुक्रवार रात 10:30 बजे पानी का कनेक्शन टूटने के कारण विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई।
अगले दिन तनाव हिंसा में बदल गया और शहर में कई लोग बुरी तरह से घायल हुए और करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस हिंसा में 100 से अधिक दुकानें जलकर स्वाहा हो गई, दर्जनों लोग घायल हो गए और दो लोगों की मौत हो गई।
हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस के 6 वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई दुकानों में तोड़फोड़ की। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद शहर में इंटरनेट की सेवा को बंद कर दिया गया और पूरे शहर में धारा 144 को लागू कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications