मुजफ्फरनगर रेल हादसे का Audio Tape वायरल, हुआ जानलेवा लापरवाही का खुलासा
नई दिल्ली। यूपी के मुजफ्फरनगर में शनिवार को हुए रेल हादसे में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, इस हादसे के बाद रविवार को दो रेलवे कर्मचारी की बीच बातचीत का एक ऑडियो क्लिप सामने आया है जिसने रेलवे कर्मचारियों की उस लापरवाही की कलई खोल दी है जिससे 23 यात्रियों को अकाल मृत्यु का सामना करना पड़ा।

पटरी को ठीक से नहीं जोड़ा गया था
इस ऑडियो टेप में रेल हादसे से कुछ दूरी पर तैनात एक गेटमैन एक दूसरे रेलवे कर्मचारी से बात कर रहा है। ऑडियो क्लिप में गेटमैन कह रहा है कि हादसे के वक्त पटरी पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। पुराने लोगों ने काम में लापरवाही बरती थी। पटरी को ठीक से जोड़ा नहीं गया था और इतने में ट्रेन आ गयी। यहां तक कि ट्रेन को रोकने के लिए सिग्नल भी नहीं दिया गया था न ही लाल झंडा दिखाया गया।

जेई की बात नहीं मानते थे गैंगमैन
गेटमैन के मुताबिक यहां पर हाल ही में एक नए जूनियर इंजीनियर की तैनाती हुई थी लेकिन रेलवे के पुरानी कर्मचारी उनकी बात नहीं मानते थे और अपनी मनमानी करते थे। रेलवे कर्मचारी साइट्स पर आते थे और काम करने की जगह बैठे रहते थे। यहां तक कि जो पटरी काटी काटी गई थी उसे भी इन लोगों ने जोड़ा नहीं था। इतना ही नहीं वो अपनी मशीन भी वहीं छोड़कर चले गए थे। इंजीनियर भी इनसे काम नहीं करवा पाता था।

हादसे के बाद फरार हुए गैंगमेन-लोहार
इस ऑडियो टेप में गेटमैन ने बताया कि हादसे के बाद से ही यहां तैनात गैंगमैन और लोहार फरार हो गए हैं। यहां तक की जेई भी फरार हो गए हैं। जेई ने हादसे के बाद से अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया है। बता दें कि शनिवार को इस रेल हादसे में उत्कल एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए थे जिसमें 23 यात्रियों की जान चली गई और 156 से ज्यादा यात्री घायल हो गए।
आप ही सुनिए इस बड़ी लापरवाही का ऑडियो टेप -












Click it and Unblock the Notifications