बालासोर के बाद पुरी में नाबालिग से दरिंदगी, 15 साल की लड़की को जिंदा जलाया, क्या है पूरा मामला
Puri Girl set on fire: ओडिशा के पुरी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शनिवार को एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को तीन अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल डालकर ज़िंदा जला दिया। यह वीभत्स वारदात पुरी जिले के बायाबर गांव में हुई, जब पीड़िता अपनी दोस्त के घर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों हमलावरों ने लड़की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता को गंभीर हालत में तत्काल AIIMS भुवनेश्वर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

समाचार एजेंसी ANI ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि पीड़िता की हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
यह घटना उस वक्त सामने आई है जब ओडिशा में ही बालासोर जिले की एक कॉलेज छात्रा ने यौन उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई न होने से तंग आकर आत्मदाह कर लिया था। ऐसे में पुरी की यह घटना राज्य की महिला सुरक्षा व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े करती है।
पुलिस का बयान: जांच जारी, आरोपी जल्द होगा गिरफ्त में
पुरी के एसपी पिनाक मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, "हमें आज सुबह सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की के साथ मारपीट की गई और उस पर किसी ज्वलनशील पदार्थ से हमला कर उसे जलाया गया। लड़की को मौके से बचाया गया और AIIMS भुवनेश्वर रेफर किया गया। घटना की जांच तेज़ी से चल रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही सफलता मिलेगी।"
महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल
बालासोर और अब पुरी की इन दो घटनाओं ने ओडिशा में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने सरकार से दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई की मांग की है। सरकार द्वारा इलाज और न्याय का भरोसा दिलाया गया है, लेकिन यह देखना होगा कि पुलिस कितनी तत्परता से जांच को अंजाम देती है और क्या पीड़िता को समय पर न्याय मिल पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications