असम CM ने सिसोदिया के खिलाफ दर्ज करवाया मानहानि केस, 19 नवंबर को कोर्ट में पेशी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Delhi Deputy CM Manish Sisodia) में कुछ महीनों पहले जमकर जुबानी जंग हुई थी। उस दौरान सिसोदिया ने सरमा और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। जिस पर अब असम सीएम ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने कामरूप जिले के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट में सिसोदिया के खिलाफ मानहानि केस दर्ज करवाया है। इस मामले में सिसोदिया को गुवाहाटी हाईकोर्ट से पहले ही झटका लग चुका है।

असम के एडवोकेट जनरल देवजीत लोन सैकिया ने कहा कि कोर्ट में केस दर्ज हो गया है। कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को 19 नवंबर को पेश होने को कहा। इससे पहले सिसोदिया ने गुवाहाटी हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी, जिसमें असम सीएम द्वारा दायर मामले को रद्द करने की मांग की गई थी, लेकिन कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया। ऐसे में अब सिसोदिया के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज हुआ है।
ये था सिसोदिया का आरोप
आपको बता दें कि 4 जून 2022 को मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा एक घोटाले में शामिल थे। 2020 में कोविड महामारी के दौरान, जब असम के वर्तमान मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मंत्री (हिमंत बिस्वा सरमा) थे, तो उन्होंने जेसीबी इंडस्ट्रीज को पीपीई किट की आपूर्ति के लिए अनुबंध आवंटित किया। ये कंपनी सरमा की पत्नी रिंकी भुयान के सह-स्वामित्व में है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि जेसीबी इंडस्ट्रीज को 900 रुपये की दर से पीपीई किट की आपूर्ति करने का आदेश दिया गया था, जबकि अन्य ने 600 रुपये में इसकी आपूर्ति की थी।
पत्नी ने भी किया था केस
वहीं सरमा की पत्नी ने सिसोदिया के आरोपों को खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने उनके खिलाफ 100 करोड़ रुपये की मानहानि का केस किया। इसके अलावा काफी दिनों तक असम सीएम और आम आदमी पार्टी के नेताओं में जुबानी जंग चली।












Click it and Unblock the Notifications