टीम इंडिया की 'फैन ऑफ द मैच' पर मेहरबान आनंद महिंद्रा, देंगे फ्री टिकट
नई दिल्ली। विश्वकप के अहम मुकाबले में जिस तरह से टीम इंडिया ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, उसके बाद क्रिकेट फैंस में जबरदस्त खुशी है। भारत-बांग्लादेश के बीच एक तरफ जहां रोहित शर्मा के शानदार शतक और जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी की बात हो रही है तो दूसरी तरफ मैच देखने आईं एक वृद्ध क्रिकेट फैन भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। जिस तरह से मैच के दौरान उन्हें खुशी मनाते हुए देखा गया, उसके बाद खुद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने उनसे व्यक्तिगत रूप से जाकर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।

सोशल मीडिया पर बनी चर्चा का विषय
महिला क्रिकेट फैन चारुलता पटेल जिनकी उम्र 87 वर्ष है, लेकिन क्रिकेट को लेकर उनकी खुशी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसके बाद इस वृद्ध महिला क्रिकेट फैन के समर्थन में आनंद महिंद्रा ने खास पेशकश की है। आनंद महिंद्रा ने इस क्रिकेट फैन को विश्वकप में होने वाले भारत के आगामी मुकाबलों के टिकट देने की बात कही है। आनंद महिंद्रा ने ट्वीट करके लिखा कि मैं अपनी परंपरा के अनुसार मैच नहीं देख रहा था। लेकिन अब मैं टीवी ऑन करने जा रहा हूं ताकि इस महिला को देख सकूं, जोकि मैच विजेता की तरह दिख रही हैं।
टीम इंडिया को बधाई
एक अन्य ट्वीट में आनंद महिंद्रा ने लिखा कि मैंने आखिरी ओवर का मैच देखा, इसमे वो सबकुछ था जिसे आप देखना चाहते हैं। सबसे अच्छी जीत वह होती है जो आपको अपने नाखून काटने पर मजबूर कर दे, लेकिन बाद में जीत बेहद आसान लगे। शाबाश टीम इंडिया, साथ ही इस बात को सुनिश्चित करें कि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में भी यह मैच विनिंग महिला मैच देखने के लिए आएं, उन्हें फ्री टिकट दिया जाए।
फ्री टिकट की पेशकश
ट्विटर पर परवेश वर्मा नाम के यूजर ने आनंद महिंद्रा को टैग करते हुए लिखा कि आप इस महिला के टिकट क्यों नहीं स्पॉसर करते हैं, जिसके बाद आनंद महिंद्रा ने लिखा कि इस महिला की तलाश कीजिए कि वह कौन हैं, मैं वादा करता हूं कि भारत के आगामी मैचों के टिकट के पैसे मैं दूंगा। गौर करने वाली बात है कि चारुलता पांडे ने मैच के दौरान टीम इंडिया का जमकर समर्थन किया। मैच में जीत के बाद खुद कप्तान कोहली ने उनसे आकर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।












Click it and Unblock the Notifications