'मेरा, उसका, उनका, इनका, हमारा बजाज...', उद्योगपति राहुल बजाज को Amul ने दी शानदार विदाई
'मेरा, उसका, उनका, इनका, हमारा बजाज...', उद्योगपति राहुल बजाज को Amul ने दी शानदार विदाई
नई दिल्ली, 13 फरवरी: भारत के दिग्गज उद्योगपति और बजाज समूह के पूर्व अध्यक्ष राहुल बजाज का 12 फरवरी 2022 को पुणे में उनके घर पर निधन हो गया। राहुल बजाज को कैंसर था, इसके अलावा उन्हें निमोनिया और दिल की समस्या भी थी। एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती थे, 83 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। उद्योगपति राहुल बजाज का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार रविवार (13 फरवरी) की शाम को किया गया है। देश भर से राहुल बजाज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ट्विटर के जरिए संवेदना व्यक्त की। इन सब के बीच अमूल इंडिया ने जो राहुल बजाज को विदाई दी है, वो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

अमूल इंडिया हमेशा किसी की जयंती, निधन, जन्मदिन या किसी भी खास मौके पर अपनी ग्राफिक फोटोज के लिए लोगों को याद करता है। राहुल बजाज के निधन की खबर आने के बाद अमूल इंडिया ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर राहुल बजाज को भी शानदार तरीके से याद किया है। अमूल ने राहुल बजाज को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए एक ग्राफिक तस्वीर शेयर की है।
बजाज ब्रांड के स्कूटर पर राहुल बजाज के साथ अमूल गर्ल की एक तस्वीर पोस्ट की गई है। तस्वीर पर बजाज का सबसे मशहूर विज्ञापन के जिंगल लिखे गए हैं, जो इस प्रकार है, "मेरा, उसका, उनका, इनका, हमारा बजाज।'' ये कभी कंपनी की टैगलाइन भी हुआ करती थी। अमूल इंडिया ने कैप्शन लिखा है, ''भारत के सबसे गतिशील और सम्मानित उद्योगपतियों में से एक राहुल बजाज को श्रद्धांजलि।''
अमूल की ये तस्वीर तेजी से ऑनलाइन वायरल हो गई और नेटिजन्स को ये श्रद्धांजलि देने का खास अंदाज पसंद आ गया। एक यूजर ने अमूल के लिए लिखा, ''हम इस तरह के चित्र बनाकर आपकी इच्छा या किसी भी चीज पर चर्चा करने के तरीके से प्यार करते हैं।'' एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "हमारा पहला फैमिली स्कूटर बजाज है।"
बता दें कि राहुल बजाज का जन्म 10 जून 1938 को हुआ था। वह 40 से अधिक वर्षों तक बजाज समूह के अध्यक्ष रहे और पिछले साल अप्रैल में इस्तीफा दे दिया था। बजाज समूह का सबसे मशहूर प्रोडक्ट बजाज चेतक स्कूटर था।












Click it and Unblock the Notifications