'BJP मातृशक्ति के साथ, कांग्रेस बताए कार्रवाई क्यों नहीं की', प्रज्वल रेवन्ना स्कैंडल पर शाह ने उल्टा चला दांव
Prajwal Revanna News: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने मंगलवार (30 अप्रैल) को जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के कथित सेक्स वीडियो पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह ने कहा है कि, हम इस मामले के जांच के पक्ष में हैं।
अमित शाह ने कहा, 'भाजपा भारत की 'मातृशक्ति' के साथ खड़ी है।' अमित शाह ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है।

अमित शाह बोले- कांग्रेस बताए, अब तक क्यों नहीं की कार्रवाई?
अमित शाह ने कहा, ''बीजेपी का रुख स्पष्ट है कि हम देश की मातृशक्ति (महिला शक्ति) के साथ खड़े हैं। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं- किसकी सरकार है? सरकार कांग्रेस पार्टी की है। उन्होंने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?''
अमित शाह ने कहा, ''हमें इस पर कार्रवाई नहीं करनी है क्योंकि यह राज्य की कानून व्यवस्था का मुद्दा है, राज्य सरकार को इस पर कार्रवाई करनी है। हम जांच के पक्ष में हैं और हमारे सहयोगी जेडीएस ने भी इसके खिलाफ कार्रवाई करने की घोषणा की है।''
प्रज्वल रेवन्ना को JDS ने किया सस्पेंड
कर्नाटक के हसन से सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं के यौन शोषण का आरोप है। कथित तौर पर उनके द्वारा बनाए गए सैकड़ों कथित यौन वीडियो वायरल हो रहे हैं।
इस मामले में जेडीएस की कोर कमेटी की बैठक में आज मंगलवार (30 अप्रैल) को प्रज्वल रेवन्ना को सस्पेंड कर दिया गया है।
BJP नेता देवराज गौड़ा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में इस स्कैंडल वीडियो का किया था जिक्र
भाजपा नेता देवराज गौड़ा ने कथित तौर पर पिछले साल राज्य भाजपा प्रमुख को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्हें वीडियो क्लिप के बारे में बताया गया था। देवराज गौड़ा ने 2023 के विधानसभा चुनावों में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ होलेनरासीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
देवराज गौड़ा ने कथित तौर पर पत्र में कहा था कि उनके पास एक पेन ड्राइव है जिसमें कथित तौर पर प्रज्वल रेवन्ना द्वारा शूट किए गए कई वीडियो क्लिप और तस्वीरें हैं, जिनका इस्तेमाल बाद में कई महिलाओं को ब्लैकमेल करने के लिए किया गया था। अब लोकसभा चुनाव-2024 में कर्नाटक में बीजेपी और जेडीएस में गठबंधन है।












Click it and Unblock the Notifications