'2029 से पहले NDA शासित 21 राज्यों में UCC लागू होगा', मुंबई में Amit Shah के 10 बड़े ऐलान
Amit Shah On UCC: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (13 सितंबर) को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समान नागरिक संहिता (UCC), राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC), अवैध घुसपैठ, आतंकवाद के खिलाफ सरकार की नीति, अर्थव्यवस्था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने दावा किया कि 2029 से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले NDA की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में UCC लागू कर दिया जाएगा।
शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने का भी ऐलान किया। इस अभियान को देशभर में बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है। आइए जानते हैं अमित शाह के मुंबई प्रेस कॉन्फ्रेंस की 10 बड़ी बातें...

1. 2029 से पहले 21 NDA राज्यों में UCC का दावा
अमित शाह ने कहा कि कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2029 से पहले NDA शासित सभी 21 राज्यों में UCC लागू कर दिया जाएगा। UCC का उद्देश्य धर्म के आधार पर अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों की जगह विवाह, तलाक, विरासत और गोद लेने जैसे मामलों में समान कानूनी व्यवस्था लागू करना है।
2. आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस'
शाह ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने आतंकवाद के प्रति अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि सरकार की रक्षा नीति ऐसी है कि दुश्मन भारत पर हमला करने से पहले कई बार सोचेंगे। शाह ने दावा किया कि देश की सुरक्षा को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा है।
3. 'भारत अब प्रदर्शन आधारित राजनीति की ओर'
गृह मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, जातिवाद और वंशवादी राजनीति का दौर था, जबकि अब भारत 'परफॉर्मेंस बेस्ड पॉलिटिक्स' यानी प्रदर्शन आधारित राजनीति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विदेश और रक्षा नीति में बदलाव का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार के लिए 'इंडिया फर्स्ट' की नीति मार्गदर्शक है।
4. GDP और आर्थिक विकास पर सरकार की पीठ थपथपाई
अमित शाह ने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि देश कमजोर अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी से निकलकर दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने पहली तिमाही के हालिया आंकड़ों का जिक्र करते हुए 7.1 प्रतिशत की विकास दर बताई और भारत को प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ने वाला देश बताया।
5. अनुच्छेद 370, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर का जिक्र
शाह ने अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और पूर्वोत्तर में सुरक्षा की स्थिति को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने इन मुद्दों को लंबे समय से देश की आंतरिक सुरक्षा के सामने मौजूद चुनौतियां बताते हुए कहा कि सरकार ने इनसे निपटने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं।
6. मणिपुर में NRC पर अभी फैसला नहीं
मणिपुर में 1951 को आधार वर्ष मानकर NRC लागू करने और देशभर में NRC की समयसीमा को लेकर पूछे गए सवाल पर शाह ने कहा कि मणिपुर में सहयोगी दलों और राजनीतिक दलों के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैसला होने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।
7. 'हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर बाहर निकालेंगे'
अवैध अप्रवासियों के मुद्दे पर शाह ने सरकार का रुख दोहराते हुए कहा कि भारत में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें देश से बाहर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, 'हम इस देश से हर एक अवैध घुसपैठिए की पहचान करके उसे बाहर निकालेंगे।' हालांकि, उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया की विस्तृत कार्यप्रणाली सार्वजनिक करने से इनकार किया।
8. भाषा विवाद पर मातृभाषा को प्राथमिकता
भाषा को लेकर जारी बहस पर शाह ने कहा कि मातृभाषा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित राज्य का नेतृत्व इस तरह के मुद्दों का समाधान निकालेगा। शाह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग भाषा के मुद्दे के जरिए समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
9. विरोध के अधिकार पर बोले- 'भारत लोकतंत्र है'
सरकार और भाजपा के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों से जुड़े सवाल पर शाह ने कहा कि भारत लोकतंत्र है और लोगों के विरोध करने के अधिकार का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल नहीं लगाया जा सकता और इसे कांग्रेस की मानसिकता से जोड़ते हुए उस पर निशाना साधा। चीन और संवेदनशील भू-राजनीतिक मुद्दों पर सवाल पूछे जाने पर शाह ने रणनीतिक मामलों पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चाओं से सशस्त्र बलों को कोई लाभ नहीं होगा।
10. 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान'
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने की घोषणा की। यह अभियान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा। इसमें भाजपा, NDA के सहयोगी दल, स्वयंसेवी संगठन और आम लोगों की भागीदारी होगी।
शाह के मुताबिक, अभियान को हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के अलावा जिले, लोकसभा, विधानसभा क्षेत्र और हर पोलिंग बूथ तक ले जाया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, उनकी उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को जनता तक पहुंचाया जाएगा। अभियान में 12 प्रमुख श्रेणियों के कार्यक्रमों के साथ बूथ, तहसील और जिला स्तर पर कई अन्य गतिविधियां होंगी। इसके तहत 'नमो सेवा की अनकही कहानियां' नाम से स्थानीय भाषाओं में संगीत और नाटक के कार्यक्रम भी गांव-गांव तक आयोजित किए जाएंगे।
फडणवीस बोले- जनकल्याण रहेगा अभियान का मुख्य उद्देश्य
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में भाजपा और NDA के सभी सहयोगी मिलकर 'सेवा संकल्प अभियान' में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का यह सफर एक रिकॉर्ड है। फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी के 12 साल के कार्यकाल में देश की प्रगति को आगे बढ़ाने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जनसेवा और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।


Click it and Unblock the Notifications
