राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई के दौरान भड़के जज, रिपोर्टर को कोर्ट रूम से बाहर निकाला, जानें पूरा मामला?
Allahabad High Court: राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान अजीब मामला सामने आया। कानूनी समाचार वेबसाइट लाइव लॉ के एक रिपोर्टर को रायबरेली से सांसद के रूप में राहुल गांधी के चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका की सुनवाई के दौरान जज ने कोर्ट रूम से बाहर जाने को कहा। न्यायाधीश के इस कदम की अब सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है।
घटनाक्रम बुधवार (26 जून) को इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान हुआ, जिसमें याचिका की सुनवाई कर रहे जस्टिस मनीष माथुर ने रिपोर्टर को कोर्ट रूम से बाहर जाने के लिए कह दिया। रिपोर्ट में जस्टिस माथुर के हवाले से कहा गया कि, "आप [लाइव लॉ के रिपोर्टर का जिक्र करते हुए] बाहर जाएं और वहां रिपोर्टिंग करें।"

हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस कदम को पसंद नहीं किया। इसी के साथ सीनियर एडवोकेट और एक्टिविस्ट प्रशांत भूषण ने भी इसकी आलोचना की।
घटना के बाद प्रशांत भूषण ने एक्स पर लिखा, "अदालतें रिपोर्टरों सहित सभी के लिए खुली हैं। ऐसे समय में जब सुप्रीम कोर्ट कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की ओर बढ़ रहा है, कुछ जज अपनी अदालतों में कोई पारदर्शिता नहीं चाहते हैं!"
एक्स पर एक अन्य यूजर ने लिखा, "इस विशेष मामले में लाइव लॉ रिपोर्टिंग ने उजागर किया कि कैसे दक्षिणपंथी वकील अदालतों को गुमराह कर रहे हैं। जज ने इसे व्यक्तिगत रूप से लिया और रिपोर्टर को अदालत से बाहर जाने को कहा।" हालांकि यह साफ नहीं हो सका कि रिपोर्टर को कोर्ट रूम से बाहर जाने को क्यों कहा गया?
आपको बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद के रूप में चुनाव रद्द करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई। याचिका में कहा गया कि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि ब्रिटिश नागरिक हैं। इसलिए लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हैं।
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने बुधवार को इस पर सुनवाई करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में गर्मी की छुट्टी के बाद रेगुलर सुनवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications