Lockdown: पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक, सभी ने किया सामाजिक दूरी का पालन
नई दिल्ली। भारत सहित पूरी दुनिया में इस वक्त कोरोना वायरस का खतरा बना हुआ है। देश को इस महामारी से बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में अगले 21 दिनों तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। साथ ही देशवासियों से वायरस को गंभीरता से लेने और सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का तरीका अपनाने को कहा। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की एक तस्वीर भी सामने आई है। 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई इस बैठक में सभी मंत्री सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दिखे।
Recommended Video

सभी मंत्री कम से कम 1 मीटर की दूरी पर बैठे। सामाजिक दूरी का पूरी तरह से पालन किया गया है। दरअसल कोरोना वायरस से बचाव का एकमात्र उपाय एक-दूसरे से कम से कम 1-2 मी की सामाजिक दूरी (Social Distancing) बनाए रखना ही बताया गया है। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत वरिष्ठ मंत्री उपस्थित थे। पीएम मोदी ने कल रात अपने संबोधन में लोगों से भीड़भाड़ से बचने के लिए परस्पर दूरी बनाए रखने को कहा था।
बता दें कि 21 दिनों के इस लॉकडाउन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं, इस दौरान जरूरत के सामान की दुकान खुली रहेंगी। जैसे- बैंक, मेडिकल स्टोर, दूध-सब्जी की दुकान और राशन की दुकानें आदि।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस की महामारी एक दूसरे के संपर्क में आने, ज्यादा भीड़ होने की वजह से सबसे ज्यादा फैलती है। इन्हीं कारणों और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर लॉकडाउन का फैसला लिया गया है, जिससे लोग एक दूसरे के संपर्क में ना आएं और महामारी ना फैले।












Click it and Unblock the Notifications