लॉकडाउन-तूफान-कोविड क्या कुछ नहीं सहा, 'गंगूबाई' की शूटिंग खत्म होने पर इमोशनल हुईं आलिया भट्ट
मुंबई, 27 जून। बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' दो साल के लंबे इंतजार के बाद फाइनली अब बनकर तैयार हो गई है। फिल्म की शूटिंग पूरी होने पर एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया है, जो सुर्खियों में आ गया है। आलिया ने लिखा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान हमने दो लॉकडाउन, दो चक्रवात और डायरेक्टर-एक्टर के कोरोना वायरस संक्रमित होने का सामना किया। सेट ने जितनी मुश्किलें सही उसपर अलग से एक फिल्म बनाई जा सकती है।

'शूटिंग इतनी आसान नहीं थी'
आलिया ने फिल्म की शूटिंग के दौरान अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि 'गंगूबाई काठियावाड़ी' की शूटिंग इतनी आसान नहीं थी। आलिया लिखती हैं, '8 दिसंबर, 2019 को हमने गंगूबाई की शूटिंग शुरू की...और हमने इस फिल्मी को दो साल में पूरा किया! इस फिल्म और सेट ने दो लॉकडाउन...2 चक्रवात सहे। इसके अलावा फिल्म बनाने के दौरान डायरेक्टर और एक्टर को कोविड संक्रमण से भी गुजरना पड़ा। जो मुश्किलें इस सेट ने झेली हैं, उसपर एक और फिल्म बनाई जा सकती है।'

भंसाली के साथ आलिया की पहली फिल्म
आलिया के मुताबिक इतनी बाधाओं के बावजूद उन्हें इस फिल्म से जो सीखने को मिला उसने उनके जीवन को बदल दिया। संजय लीला भंसाली के साथ पहली बार काम करने के अपने अनुभव के बारे में बोलते हुए आलिया भट्ट ने लिखा, 'सर (भंसाली) के डायरेक्शन में काम करना मेरी लाइफ का सबसे बड़ा सपना था। लेकिन मुझे नहीं लगता कि कोई भी मुझे इस सफर के लिए तैयार कर सकता था, जो मैंने पिछले दो सालों में तय किया है। मैं आज इस सेट से बाहर निकल रही हूं तो एक अलग शख्सियत बनकर, आई लव यू सर! सच में आप जैसा कोई नहीं है।'

फिल्म की शूटिंग के आखिरी दिन आलिया हुईं भावुक
28 वर्षीय एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने आगे लिखा, 'जब कोई फिल्म समाप्त होती है तो आप का एक हिस्सा उसके साथ समाप्त होता है! आज मैंने अपना एक हिस्सा खो दिया है...गंगू मैं आपसे प्यार करती हूं, तुम्हें याद करूंगी ।' शूटिंग के आखिरी दिन आलिया ने क्रू मेंबर्स के लिए भी खास मैसेज लिखा है। उन्होंने कहा, 'मैं अपने क्रू के बारे में खासतौर पर बात करना चाहूंगी, यही पिछले दो साल से मेरा परिवार और दोस्त थे, आप लोगों के बिना यह कुछ भी सफल नहीं हो पाता। आप सभी को प्यार।'

आलिया के साथ अजय देवगन आएंगे नजर
आपको बता दें कि फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ आलिया भट्ट की यह पहली फिल्म है। लेखक हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वीन ऑफ मुंबई के एक चैप्टर के आधार पर बनाई गई फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' मुंबई की माफिया क्वीन गंगूबाई की जिंदगी पर आधारित है। इस फिल्म में आलिया भट्ट के साथ-साथ शांतनु माहेश्वरी और अजय देवगन नजर आएंगे। फिल्म का शूटिंग पूरी हो गई है लेकिन इसके रिलीज की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: नीना गुप्ता ने बेटी से कहा था, तुम्हारी शक्ल हिरोईन वाली नहीं है, तुम कभी आलिया-हेमा मालिनी जैसी नहीं बन सकती












Click it and Unblock the Notifications