बिहार में नीतीश के शपथ पर अखिलेश ने कसा तंज, बोले- घोंटकर गला आवाम के फैसले का आज सच की कसम खा रहे हैं
नई दिल्ली। बिहार में नीतीश कुमार ने सोमवार को सातवीं बार सूबे के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। उनके साथ 14 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। शपथ लेने वाले मंत्रियों में 5 मंत्री जेडीयू कोटे से बने हैं तो सात मंत्री बीजेपी के हैं। 1-1 पद हम और वीआईपी को मिला है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के मौके पर शायराना अंदाज में तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया- ''घुटन तो उन्हें भी होगी घोंटकर गला आवाम के फैसले का आज सरेआम जो सच की कसम खा रहे हैं।''

Recommended Video
अखिलेश यादव के अलावा तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर तंज कसा। तेजस्वी ने नीतीश को मनोनीत सीएम बताया है। ट्वीट करते हुए तेजस्वी ने कहा कि ''आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री 'मनोनीत' होने पर शुभकामनाएँ। आशा करता हूँ कि कुर्सी की महत्वाकांक्षा की बजाय वो बिहार की जनाकांक्षा एवं NDA के 19 लाख नौकरी-रोजगार और पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई जैसे सकारात्मक मुद्दों को सरकार की प्राथमिकता बनायेंगे।''
वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के मुखिया चिराग पासवान ने भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा है कि आशा करता हूँ सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आप एनडीए के ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। 4 लाख बिहारीयों द्वारा बनाया गया #बिहार1stबिहारी1st विजन डॉक्यूमेंट आप को भेज रहा हूं ताकि उसमें से भी जो कार्य आप पूरा कर सकें वह कर दें। भारतीय जनता पार्टी को आप को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बधाई।''












Click it and Unblock the Notifications